बनारस की गलियों में दिखा मुख्यमंत्री का देसी अंदाज: काफिला रुकवाकर चखी मशहूर कचौड़ी और जलेबी

वाराणसी। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव की सादगी एक बार फिर चर्चा का विषय बनी हुई है। वाराणसी दौरे के दौरान मुख्यमंत्री का एक अलग ही रूप देखने को मिला, जब उन्होंने प्रोटोकॉल की परवाह किए बिना स्थानीय खान-पान का लुत्फ उठाया।

एयरपोर्ट की ओर जाते समय मुख्यमंत्री का काफिला अचानक मिंट हाउस स्थित ‘श्रीराम भंडार’ पर रुक गया, जिसे देखकर वहां मौजूद आम लोग और सुरक्षाकर्मी हैरान रह गए।मुख्यमंत्री ने दुकान पर रुककर बनारस की पारंपरिक कचौड़ी, पूरी-राम भाजी और गरमा-गरम जलेबी का स्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने वहां मौजूद स्थानीय लोगों से सहजता के साथ मुलाकात की और उनसे संवाद भी किया।

आमजन के बीच बैठकर भोजन करते मुख्यमंत्री की सादगी ने सभी का दिल जीत लिया। लोगों ने कहा कि मुख्यमंत्री से बात करते समय उन्हें बिल्कुल भी आभास नहीं हुआ कि वे किसी इतने बड़े पद के व्यक्ति से मिल रहे हैं।

इस अवसर पर मोहन यादव ने कहा कि भारत के प्रत्येक प्रांत और शहर की अपनी एक विशिष्ट खान-पान संस्कृति होती है, जो उस क्षेत्र की असली पहचान है। स्थानीय स्वाद और पारंपरिक व्यंजन हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का अभिन्न अंग हैं। सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री की ये तस्वीरें अब तेजी से वायरल हो रही हैं, जहां लोग उनके इस जमीन से जुड़े व्यवहार की जमकर प्रशंसा कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *