रायपुर. अफगानिस्तान और पाकिस्तान में बने पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अगले तीन दिन रात के तापमान में तीन डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है। इससे पहले रायपुर और दुर्ग के बाहरी इलाकों सहित सरगुजा संभाग में शीतलहर का प्रकोप रहा। इस बार बाहरी इलाकों में कड़ाके की ठंड पड़ी है। शहर में सुबह की ठंड कंपकंपी पैदा करने वाली रही है। दिन की लंबाई बढ़ने के साथ ठंड का असर कम होने की संभावना है।
जनवरी का पहला पखवाड़ा जोरदार ठंड के साथ बीता है। दूसरे पखवाड़े में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ से अगले तीन दिन रात के तापमान में एक से तीन डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। लगातार दो नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 26 जनवरी तक तापमान में विशेष गिरावट नहीं होगी। सूर्य की उत्तरायण दिशा से दिन की लंबाई बढ़ने लगी है। मौसम विभाग ने रविवार को उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में शीतलहर चलने की संभावना जताई है।
इस ठंड सीजन में मैनपाट, बलरामपुर समेत सरगुजा संभाग के कई शहरों में तापमान शून्य डिग्री पहुंचा, जिससे सुबह पाला जमता रहा। रायपुर समेत मध्य इलाकों में कड़ाके की ठंड पड़ी, लेकिन शहर में न्यूनतम तापमान दस डिग्री से नीचे नहीं गया। मौसम विभाग के रिकॉर्ड के अनुसार 2019 में एक जनवरी को न्यूनतम तापमान 9.9 डिग्री सेल्सियस रहा था। माना इलाके में इस सीजन जैसी स्थिति पिछले पंद्रह सालों में नहीं बनी।
राजधानी में आज का मौसम घूमने के लिए शानदार रहेगा। सुबह धुंध छाई रह सकती है। अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 13 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।