दुर्ग रेलवे स्टेशन पर ड्यूटी के दौरान हादसा, मालगाड़ी की चपेट में आकर टेक्नीशियन की मौत


दुर्ग। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर मंडल अंतर्गत दुर्ग रेलवे स्टेशन पर रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। प्लेटफार्म नंबर 6 के पास ड्यूटी के दौरान एक रेलवे कर्मचारी मालगाड़ी की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार मृतक की पहचान अजय कुमार के रूप में हुई है, जो रेलवे में टेक्नीशियन ग्रेड-1 (ट्रेन लाइटिंग स्टाफ) के पद पर कार्यरत थे। अजय कुमार रविवार सुबह 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक की शिफ्ट में ड्यूटी पर तैनात थे। यह घटना सुबह करीब 9 बजे की है, जब किलोमीटर संख्या 865/27 (रायपुर एंड) के पास एक खाली मालगाड़ी गुजर रही थी। इसी दौरान वे ट्रेन की चपेट में आ गए।

स्टेशन मास्टर दुर्ग से सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल के जवान मौके पर पहुंचे। जीआरपी दुर्ग और स्थानीय स्टाफ की मदद से सुबह करीब 9:50 बजे शव को ट्रैक से हटाकर मर्चुरी भेजा गया। घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच रेलवे प्रशासन और जीआरपी द्वारा की जा रही है। सहकर्मियों के अनुसार अजय कुमार एक कर्तव्यनिष्ठ और मेहनती कर्मचारी थे।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *