न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान, शुभमन गिल कप्तान, श्रेयस अय्यर की वापसी…

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने न्यूजीलैंड के खिलाफ खेली जाने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया है। इस टीम की सबसे बड़ी खासियत कप्तान शुभमन गिल और उपकप्तान श्रेयस अय्यर की एक साथ वापसी है। चोट के चलते साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर रहे गिल अब पूरी तरह फिट हैं और एक बार फिर टीम की जिम्मेदारी संभालेंगे।

साउथ अफ्रीका दौरे पर गिल की अनुपस्थिति में केएल राहुल ने कप्तानी की थी, लेकिन अब चयनकर्ताओं ने नेतृत्व की कमान फिर से युवा बल्लेबाज को सौंप दी है। गिल की कप्तानी में टीम इंडिया न्यूजीलैंड जैसी मजबूत चुनौती के खिलाफ मैदान में उतरेगी।

श्रेयस अय्यर की वनडे टीम में वापसी जरूर हुई है, लेकिन उनका खेलना BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस से मिलने वाली फिटनेस मंजूरी पर निर्भर करेगा। यदि अय्यर फिट घोषित होते हैं, तो मिडिल ऑर्डर को अतिरिक्त मजबूती मिलने की उम्मीद है।

टीम में रोहित शर्मा और विराट कोहली की मौजूदगी से बल्लेबाजी क्रम और भी सशक्त नजर आ रहा है। साउथ अफ्रीका के खिलाफ पिछली वनडे सीरीज में विराट कोहली ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए दो शतक लगाए थे और प्लेयर ऑफ द सीरीज बने थे, जबकि रोहित शर्मा ने भी अर्धशतकीय पारियों से अपनी फॉर्म का संकेत दिया था।

इस सीरीज के लिए ऋतुराज गायकवाड़, हार्दिक पांड्या, जसप्रीत बुमराह और तिलक वर्मा को टीम में जगह नहीं दी गई है। हार्दिक और बुमराह को वर्कलोड मैनेजमेंट और फिटनेस कारणों से आराम दिया गया है, जबकि अन्य खिलाड़ियों को चयन रणनीति के तहत बाहर रखा गया है।

न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए चुनी गई टीम संतुलित नजर आ रही है और फैंस को इस सीरीज में कड़े मुकाबले की उम्मीद है।

न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया का स्क्वॉड
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, केएल राहुल (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (उपकप्तान)*, वाशिंगटन सुंदर, रवींद्र जड़ेजा, मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा, प्रसिद्ध कृष्णा, कुलदीप यादव, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), नितीश कुमार रेड्डी, अर्शदीप सिंह, यशस्वी जयसवाल​

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *