बिलासपुर। रेलवे यात्रियों को वैध टिकट के साथ यात्रा करने के लिए प्रोत्साहित करने और बिना टिकट यात्रा पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से बिलासपुर स्टेशन पर 25 फरवरी को सघन जांच अभियान चलाया गया। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह के मार्गदर्शन और मंडल वाणिज्य प्रबंधक एस. भारतीयन के नेतृत्व में मुख्य टिकट निरीक्षकों एवं टीटीई टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
अभियान के दौरान बिलासपुर स्टेशन और बिलासपुर-चांपा रेलखंड के बीच चलने वाली 17 ट्रेनों में यात्रियों के टिकटों की बारीकी से जांच की गई। इस पूरी कार्रवाई में कुल 372 प्रकरण दर्ज किए गए, जिनसे जुर्माने के रूप में 2 लाख 19 हजार 830 रुपये की वसूली की गई। चेकिंग के दौरान अधिकारियों ने यात्रियों को जागरूक करते हुए एक प्लेटफार्म से दूसरे प्लेटफार्म पर जाने के लिए अनिवार्य रूप से फुटओवर ब्रिज का उपयोग करने की सलाह दी। साथ ही रेल संपत्ति को स्वच्छ और सुरक्षित रखने में सहयोग की अपील भी की गई।
रेलवे अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, कुल दर्ज मामलों में से बिना टिकट यात्रा करने वाले 303 यात्रियों से 1 लाख 90 हजार 625 रुपये वसूले गए। वहीं अनियमित टिकट के 59 मामलों में 28 हजार 205 रुपये और बिना बुक किए गए सामान के 10 मामलों में 1 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। रेल प्रशासन ने यात्रियों से आग्रह किया है कि वे हमेशा वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें और स्टेशन परिसर में प्रवेश के लिए प्लेटफार्म टिकट अवश्य खरीदें।