सरगुजा। नववर्ष 2026 के स्वागत पर सरगुजा जिले में शराब की बिक्री ने पिछले वर्ष का रिकॉर्ड तोड़ दिया। 31 दिसंबर 2025 को एक दिन में 93 लाख 30 हजार 800 रुपये की शराब बिकी, जो पिछले वर्ष की इसी तिथि की 68 लाख रुपये की बिक्री से करीब 25 लाख रुपये अधिक है। नए साल के पहले दिन सहित दो दिनों में कुल बिक्री सवा करोड़ रुपये से अधिक दर्ज की गई। जिले में आबकारी विभाग की 9 शराब दुकानों में देसी एवं विदेशी शराब की बिक्री में जबरदस्त उछाल देखा गया।
अंबिकापुर शहर के गांधी चौक स्थित प्रीमियम शराब दुकान ने सबसे अधिक बिक्री दर्ज की। 31 दिसंबर को यहां 18.93 लाख रुपये की शराब बिकी। इस दुकान में 1000 रुपये से अधिक कीमत वाली महंगी शराब उपलब्ध होने से जिले भर से ग्राहक पहुंचते हैं। नववर्ष के पहले दिन भी प्रीमियम दुकान एवं पर्यटन स्थल मैनपाट की शराब दुकान में अच्छी बिक्री हुई। उत्सव एवं पिकनिक के लिए लोगों की भीड़ बढ़ने से खपत में इजाफा हुआ।
इस बीच अवैध शराब पर आबकारी विभाग की कार्रवाई जारी है। 31 दिसंबर को उड़नदस्ते ने 40 लाख रुपये की अवैध शराब जब्त की। दूसरे राज्यों की शराब का अवैध व्यापार बढ़ रहा है तथा ग्रामीण क्षेत्रों में कोचियों द्वारा भंडारण किया जा रहा है। विभाग ने नववर्ष पर सघन निरीक्षण एवं अभियान चलाए तथा अवैध शराब पर निगरानी रखने की बात कही। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
विशेषज्ञों के अनुसार उत्सव का माहौल, पिकनिक स्थलों पर भीड़ एवं प्रीमियम ब्रांड की उपलब्धता बिक्री वृद्धि के प्रमुख कारण हैं। ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में लोगों ने परिवार एवं मित्रों के साथ जश्न मनाया। आबकारी विभाग ने लोगों से वैध दुकानों से ही शराब खरीदने तथा अवैध शराब से दूर रहने की अपील की है।