मुंबई। महाराष्ट्र की राजनीति में शनिवार को एक ऐतिहासिक क्षण दर्ज हुआ, जब दिवंगत नेता अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार ने राज्य की उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली। वे महाराष्ट्र की पहली महिला डिप्टी सीएम बनीं। राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने मुंबई स्थित लोकभवन में उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। पूरा शपथ ग्रहण समारोह करीब 12 मिनट तक चला।


इस महत्वपूर्ण मौके पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और मंत्री मौजूद रहे, हालांकि पार्टी प्रमुख शरद पवार समारोह में शामिल नहीं हुए। उनके न पहुंचने को लेकर सियासी हलकों में चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं।
उल्लेखनीय है कि अजित पवार के निधन के महज चौथे दिन सुनेत्रा पवार ने यह जिम्मेदारी संभाली है। 28 जनवरी को बारामती में हुए विमान हादसे में अजित पवार की मृत्यु के बाद उपमुख्यमंत्री का पद रिक्त हो गया था।
शपथ ग्रहण से पहले सुनेत्रा पवार ने राज्यसभा सांसद पद से इस्तीफा दे दिया था। इससे पहले दिन में विधान भवन में एनसीपी (अजित पवार गुट) के विधायक दल और विधान परिषद सदस्यों की बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें उन्हें सर्वसम्मति से पार्टी का नेता चुना गया। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, यह घटनाक्रम न केवल सत्ता संतुलन बल्कि पार्टी की भावी रणनीति के लिहाज से भी बेहद अहम माना जा रहा है।