‘वीबी जी राम जी’ से आत्मनिर्भर और गरीबीमुक्त गांवों की ओर कदम : शिवराज सिंह चौहान

रायपुर। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि ‘वीबी जी राम जी’ पहल के माध्यम से सरकार मनरेगा की खामियों को दूर करते हुए गांवों को आत्मनिर्भर और गरीबीमुक्त बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि इस सुधार के तहत ग्रामीणों को 125 दिनों की रोजगार गारंटी दी जा रही है और यह अधिनियम अब देशभर में लागू किया जा रहा है।

डोंगरगढ़ (राजनांदगांव) में आयोजित अखिल भारतीय विश्वगुरु जैनाचार्य विद्यासागर समाधि स्मारक महोत्सव में शामिल होने के लिए एकदिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास पर पहुंचे शिवराज सिंह चौहान ने रायपुर एयरपोर्ट पर पत्रकारों से चर्चा की।

इस दौरान उन्होंने मिलावटी और घटिया कीटनाशकों को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि विकसित कृषि संकल्प अभियान के बाद इस दिशा में विभाग तेजी से कार्रवाई कर रहा है। किसानों से लगातार शिकायतें मिल रही हैं, जिसे गंभीरता से लेते हुए सरकार नए पेस्टीसाइड एक्ट और सीड एक्ट पर काम कर रही है। इन कानूनों को और प्रभावी बनाने के लिए आम जनता से सुझाव भी आमंत्रित किए जा रहे हैं।

भारत और यूरोपीय यूनियन के बीच हुए अहम समझौते पर प्रतिक्रिया देते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह देश के लिए एक बड़ा और दूरगामी समझौता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत की नींव मजबूत हो रही है। उन्होंने कहा कि ‘वसुधैव कुटुंबकम्’ की भावना के साथ भारत वैश्विक विकास में योगदान दे रहा है।

कृषि क्षेत्र की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि देश की कृषि विकास दर इस समय ऐतिहासिक स्तर पर है, जो हरित क्रांति के दौर से भी अधिक तेज है। चावल उत्पादन में भारत ने विश्व में पहला स्थान हासिल कर लिया है, जो किसानों की मेहनत और सरकारी नीतियों का परिणाम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *