Uttarakhand Liquor Price Hike : देहरादून। देवभूमि उत्तराखंड में मदिरा प्रेमियों के लिए आज यानी 1 अप्रैल से बुरी खबर है। नए वित्तीय वर्ष के आगाज के साथ ही राज्य आबकारी विभाग ने शराब की कीमतों में बढ़ोतरी का फैसला लागू कर दिया है। अब ग्राहकों को अपनी पसंदीदा ब्रांड की एक बोतल के लिए पहले के मुकाबले ज्यादा दाम चुकाने होंगे।
विभाग द्वारा जारी नई दरों के मुताबिक, शराब की प्रति बोतल पर ₹5 से लेकर ₹20 तक का इजाफा किया गया है। यह बढ़ोतरी राज्य की नई आबकारी नीति के तहत की गई है, जिसे तीन साल (2028 तक) के लिए तैयार किया गया है। नीति के प्रावधानों के अनुसार, हर साल कीमतों में मामूली वृद्धि करना अनिवार्य है, ताकि राज्य के राजस्व में बढ़ोतरी की जा सके।
राजस्व का बड़ा जरिया है आबकारी उत्तराखंड सरकार के लिए आबकारी विभाग कमाई का एक मुख्य स्रोत है। इस साल विभाग ने 5,000 करोड़ रुपये से अधिक के राजस्व का लक्ष्य रखा है। पिछले आंकड़ों पर नजर डालें तो राज्य में शराब की खपत लगातार बढ़ रही है। साल 2025 में क्रिसमस और न्यू ईयर के महज एक हफ्ते के भीतर उत्तराखंड में 225 करोड़ रुपये से ज्यादा की शराब बिकी थी, जो विभाग की जबरदस्त कमाई का प्रमाण है।
तीन साल की नीति से दुकानदारों को राहत सरकार ने पहली बार दीर्घकालिक व्यवस्था अपनाते हुए दुकानों का आवंटन तीन साल के लिए किया है। इससे लाइसेंसधारकों को बार-बार की कागजी कार्रवाई से मुक्ति मिली है, लेकिन ग्राहकों के लिए हर साल 1 अप्रैल को कीमतों का बढ़ना अब तय हो गया है। राज्य में फिलहाल करीब 700 शराब की दुकानें संचालित हो रही हैं, जहां आज सुबह से ही नई दरें प्रभावी हो गई हैं।