कवर्धा। छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी ने होली के त्यौहार को देखते हुए मैदानी अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों के लिए विशेष जागरूकता एवं सतर्कता बरतने की अपील जारी की है। राजनांदगांव क्षेत्र के कार्यपालक निदेशक शिरीष सेलट ने बताया कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की आकस्मिक विद्युत दुर्घटना को रोकने के लिए शिकायत केंद्रों को पूरी तैयारी के साथ मुस्तैद रहने के निर्देश दिए गए हैं।
विद्युत कंपनी ने नागरिकों को समझाइश दी है कि बिजली के खंभों, लाइनों और ट्रांसफार्मरों के निकट होलिका दहन न करें और न ही उन पर रंगों की बौछार करें। सुरक्षा की दृष्टि से बच्चों पर विशेष निगरानी रखने की सलाह दी गई है। अवकाश के बावजूद बिजली संबंधी शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए कॉल सेंटर और फ्यूज ऑफ कॉल सेंटर सामान्य दिनों की तरह ही 24 घंटे कार्यरत रहेंगे।
उपभोक्ता अपनी शिकायतें केन्द्रीकृत कॉल सेंटर के नंबर 1912 पर हिंदी, अंग्रेजी या छत्तीसगढ़ी में दर्ज करा सकते हैं। इसके अलावा पॉवर कंपनी के व्हाट्सएप नंबर 9425551912 और मोर बिजली ऐप के माध्यम से भी बिजली आपूर्ति या ट्रांसफार्मर संबंधी समस्याओं का समाधान प्राप्त किया जा सकता है। किसी भी अप्रिय घटना या तकनीकी खराबी की सूचना तत्काल नजदीकी विद्युत कार्यालय को देने का आग्रह किया गया है।
सुरक्षा के प्रमुख सुझाव:
- होलिका दहन बिजली की लाइनों और ट्रांसफार्मर के पास न करें।
- विद्युत प्रणालियों पर किसी भी प्रकार की वस्तु या रंग न फेंकें।
- विद्युत लाइनों के पास बच्चों को खेलने से रोकें।
- किसी भी दुर्घटना की स्थिति में तुरंत विभागीय अधिकारियों को सूचित करें।
विभाग ने उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए कवर्धा, पंडरिया, बोड़ला और सहसपुर लोहारा सहित विभिन्न वितरण केंद्रों के कनिष्ठ एवं सहायक अभियंताओं के मोबाइल नंबर भी जारी किए हैं, ताकि आपात स्थिति में सीधे संपर्क किया जा सके।