sonu sood bhilai visit : भिलाई। अपनी दरियादिली और समाज सेवा से देशभर के लोगों का दिल जीतने वाले बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद एक बार फिर छत्तीसगढ़ के प्रवास पर आ रहे हैं। आगामी 27 जून 2026 को भिलाई में आयोजित होने वाले ‘SSCC एनुअल मीट 2026’ में वे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। सोनू सूद चैरिटी क्लब (SSCC) भिलाई द्वारा आयोजित इस बड़े कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र के युवाओं और उनके प्रशंसकों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
सोनू सूद चैरिटी क्लब भिलाई की हेड दीक्षा नागदेवे ने बताया कि यह क्लब सोनू सूद के ‘सूद चैरिटी फाउंडेशन’ से प्रेरणा लेकर पिछले दो वर्षों से दुर्ग-भिलाई क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य और आपातकालीन सहयोग जैसे सामाजिक कार्यों में सक्रिय है। इस वार्षिक सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य सेवा भावना से जुड़े लोगों को एक साझा मंच प्रदान करना है। कार्यक्रम के दौरान सोनू सूद युवाओं और स्वयंसेवकों से सीधा संवाद करेंगे और सकारात्मक बदलाव में युवाओं की भूमिका पर अपने विचार साझा करेंगे। इसके साथ ही कार्यक्रम के दौरान सोनू सूद का नागसेन हायर सेकेंडरी स्कूल में एक विशेष दौरा भी प्रस्तावित है, जहां वे छात्र-छात्राओं को प्रेरित करेंगे।
इस ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाने के लिए क्लब की 60 से अधिक सदस्यों की टीम रात-दिन तैयारियों में जुटी हुई है। आयोजन समिति ने क्षेत्र के सामाजिक संगठनों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और प्रबुद्ध नागरिकों से इस अभियान का हिस्सा बनने की अपील की है, ताकि समाज सेवा के इस कारवां को और मजबूती दी जा सके।