रायपुर। छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड का असर लगातार बना हुआ है और आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों में तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट का अनुमान जताया है। प्रदेश में सोमवार को मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
पिछले 24 घंटों के दौरान दुर्ग में प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 30.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पेंड्रा रोड में सबसे कम न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इस अवधि में प्रदेश के किसी भी हिस्से में वर्षा दर्ज नहीं की गई।
राजधानी रायपुर में 5 जनवरी को सुबह के समय हल्की धुंध छाए रहने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान करीब 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 15 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार प्रमुख शहरों में तापमान इस प्रकार दर्ज किया गया। रायपुर शहर में अधिकतम 27.2 और न्यूनतम 16.3 डिग्री सेल्सियस, रायपुर एयरपोर्ट पर अधिकतम 26.0 और न्यूनतम 15.0 डिग्री, बिलासपुर में अधिकतम 26.0 और न्यूनतम 14.4 डिग्री, पेंड्रा रोड में अधिकतम 20.4 और न्यूनतम 7.6 डिग्री, अंबिकापुर में अधिकतम 21.9 और न्यूनतम 9.9 डिग्री, जगदलपुर में अधिकतम 28.2 और न्यूनतम 12.5 डिग्री तथा दुर्ग में अधिकतम 30.9 और न्यूनतम 14.0 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 29.0 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग ने लोगों को ठंड से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी है।