रायपुर। छत्तीसगढ़ में फिलहाल कड़ाके की ठंड से राहत की कोई संभावना नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले 48 घंटों में तापमान में 1 से 2 डिग्री की और गिरावट हो सकती है। इसके बाद तापमान में विशेष परिवर्तन नहीं होगा। इस दौरान उत्तर एवं मध्य क्षेत्र में शीत लहर की स्थिति बनी रहेगी। राजधानी रायपुर सहित कई हिस्सों में कोहरा एवं धुंध छाए रहने की आशंका है।
वर्तमान हालात को देखते हुए जनवरी माह में भी तीव्र शीतलहर पड़ने की संभावना है। अगले सप्ताह तक कड़ाकी ठंड जारी रह सकती है। गुरुवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.2 डिग्री कम है। न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.5 डिग्री अधिक 13.5 डिग्री रहा। प्रदेश में सबसे कम तापमान अंबिकापुर में 5.7 डिग्री दर्ज किया गया। सुबह देर तक हाड़ कंपाने वाली सर्दी का सामना करना पड़ रहा है।
मौसम शुष्क रहने से बादल एवं बारिश की स्थिति नहीं बनी है। वर्षांत तक ऐसी संभावना नहीं है। आने वाले दिनों में मौसम पूर्णतः साफ रहेगा। गुरुवार को दुर्ग में शीतलहर की स्थिति रही। शुक्रवार एवं शनिवार को उत्तर एवं मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ जिलों में एक-दो क्षेत्रों में शीत लहर चलने की आशंका है। कोहरे एवं धुंध की स्थिति वाले स्थानों में राजधानी रायपुर भी शामिल है।
राजधानी रायपुर में शुक्रवार को धुंध छाए रहने की संभावना है। अगले 24 घंटों में तापमान 13 से 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।