छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड और शीतलहर का प्रकोप, कई जिलों में यलो अलर्ट जारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में इन दिनों कड़ाके की ठंड का कहर जारी है। कई इलाकों में शीतलहर की स्थिति बनी हुई है तथा सुबह और शाम के समय लोगों को ठंड से बचाव के लिए अलाव का सहारा लेना पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान दुर्ग, बालोद, रायपुर सहित कई जिलों में शीतलहर चलने की संभावना है। राजधानी रायपुर में सुबह के समय घना कोहरा या धुंध छाए रहने की उम्मीद है।

राज्य के विभिन्न हिस्सों में तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। रायपुर शहर का न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस कम रहा, जबकि माना एयरपोर्ट क्षेत्र में पारा 5 डिग्री सेल्सियस तक गिर चुका है। प्रदेश के उत्तरी क्षेत्रों में लगातार बर्फ जमने जैसी स्थिति बन रही है। पिछले 24 घंटों में राज्य का सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं दिन का सर्वाधिक अधिकतम तापमान दुर्ग में 29.2 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि अगले 24 घंटों में ठंड की तीव्रता में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा।

इन जिलों में शीतलहर का यलो अलर्ट
मौसम विभाग ने खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, राजनांदगांव, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, दुर्ग, बालोद, कबीरधाम, बेमेतरा तथा रायपुर जिलों में एक-दो स्थानों पर शीतलहर चलने की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया है।

रायपुर में आज का मौसम
राजधानी रायपुर में शनिवार को सुबह के समय धुंध या कोहरा छाए रहने की संभावना है। दिन भर का अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने लोगों से ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़े पहनने, गरम पेय पदार्थों का सेवन करने तथा सुबह-शाम बाहर निकलते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *