:संजय सोनी:
भानुप्रतापपुर: शासकीय महर्षि वाल्मीकि स्नातकोत्तर महाविद्यालय, भानुप्रतापपुर की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा नशा मुक्त भारत के लिए युवा विषय पर सात दिवसीय विशेष शिविर का आयोजन ग्राम पंचायत चौगेल में किया जा रहा है। इस विशेष शिविर का शुभारंभ मंगलवार को उत्साह और सामाजिक जागरूकता के संदेश के साथ हुआ। शिविर का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराना, उन्हें नशा मुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करना तथा स्वस्थ, स्वच्छ और जागरूक समाज के निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।

उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि जनपद पंचायत अध्यक्ष सुनाराम तेता ने शिविर का उद्घाटन करते हुए अपने उद्बोधन में कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक समाज के पथप्रदर्शक होते हैं। यदि स्वयंसेवक नशे से दूर रहकर अनुशासित और स्वस्थ जीवन जीते हैं, तो वे समाज के अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणा बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि परिवार और समाज की प्रगति में भी बाधा उत्पन्न करता है। इसलिए युवाओं को नशे से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में अपनी ऊर्जा लगानी चाहिए।
मुख्य अतिथि ने स्वच्छता के महत्व पर भी प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वच्छ वातावरण ही स्वस्थ समाज की नींव होता है। उन्होंने स्वयंसेवकों से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने, लोगों को इसके प्रति जागरूक करने तथा स्वच्छ भारत अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह सात दिवसीय विशेष शिविर ग्राम चौगेल के सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. रश्मि सिंह ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और अनुशासन का माध्यम है। उन्होंने स्वयंसेवकों और ग्रामवासियों से आपसी सामंजस्य बनाकर सहयोग की भावना से कार्य करने का आग्रह किया, ताकि सात दिवसीय विशेष शिविर अपने उद्देश्यों को सफलतापूर्वक प्राप्त कर सके। उन्होंने कहा कि युवाओं की सकारात्मक सोच और सेवा भावना से ही समाज में वास्तविक परिवर्तन संभव है।
विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित जनपद पंचायत सदस्य विष्णु कचलाम ने राष्ट्रीय सेवा योजना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि एनएसएस युवाओं को सामाजिक दायित्वों से जोड़ने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने ग्रामवासियों से अपील की कि वे शिविर के दौरान स्वयंसेवकों को पूरा सहयोग दें, ताकि शिविर के कार्यक्रम प्रभावी ढंग से संपन्न हो सकें। उन्होंने विश्वास जताया कि इस प्रकार के शिविरों से समाज में जागरूकता बढ़ेगी और नशा उन्मूलन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सकारात्मक चर्चा होगी।

कार्यक्रम में सरपंच प्रतिनिधि संजू नेताम ने कार्यक्रम अधिकारी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ग्राम चौगेल में पहली बार महाविद्यालय एनएसएस इकाई द्वारा विशेष शिविर का आयोजन होना ग्रामवासियों के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने पंचायत और ग्रामवासियों की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया तथा भविष्य में भी इस प्रकार के शिविरों के आयोजन की इच्छा व्यक्त की। उन्होंने कहा कि युवाओं की भागीदारी से गांव का सामाजिक और नैतिक विकास और अधिक सशक्त होगा।
कार्यक्रम अधिकारी चेतन कुमार श्रीवास ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं सत्कार किया तथा शिविर की रूपरेखा और उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सात दिवसीय विशेष शिविर के दौरान नशा उन्मूलन जागरूकता, स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य जागरूकता, सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध अभियान तथा विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का संचालन योगेश कुमार यादव ने किया।

इस अवसर पर सरपंच विमला संजू नेताम, ग्राम गायता फूल सिंह तारम, ग्राम पटेल महेश कोरेटी, उपसरपंच जुगल कोरेटी, ग्राम सभा अध्यक्ष ललिता बाई नरेटी, प्राथमिक शाला जनभागीदारी समिति अध्यक्ष राकेश निषाद, ग्राम प्रमुख अर्जुन कोरेटी, दसरू राम चक्रधारी, संगीत कोरेटी, सुरेश कावड़े, पुसउ राम मंडावी, समस्त वार्ड पंच एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। सभी ने शिविर के सफल आयोजन के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं और सहयोग का आश्वासन दिया।