कवर्धा। लोहारा ब्लॉक में धान बेचने के लिए टोकन ना कटने से परेशान सैकड़ों किसानों ने सोमवार को तहसील कार्यालय का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। इसी दौरान उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा का काफिला वहां से गुजर रहा था। किसानों की भीड़ और आक्रोश देखकर डिप्टी सीएम ने संवेदनशीलता दिखाते हुए अपना काफिला रुकवाया और जमीन पर बैठकर किसानों की समस्याएं सुनीं।

किसानों ने धान उपार्जन केंद्रों में अव्यवस्था का आरोप लगाया और खरीद तारीख बढ़ाने की मांग की। साथ ही लोहारा ब्लॉक के दो पटवारियों पर दुर्व्यवहार और टोकन जारी न करने की शिकायत की। शिकायत सुनते ही उपमुख्यमंत्री ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुरुवा के हल्का नंबर 15 के पटवारी राजेश शर्मा को मौके पर ही निलंबित करने का आदेश दिया।
अधिकारियों ने तुरंत निलंबन आदेश जारी कर किसानों को उसकी प्रति दिखाई, जिसके बाद किसानों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया। विजय शर्मा ने आश्वासन दिया कि किसी भी किसान को धान बेचने में अब कोई परेशानी नहीं होगी