कसडोल के खर्वे गांव में सनसनीखेज खुलासा: साइको किलर ने 8 ग्रामीणों को जहर देकर मार डाला

कसडोल। थाना कसडोल के अंतर्गत ग्राम खर्वे में विगत 4 महीनों में हुई 8 लगातार मौतों के रहस्य से पुलिस ने पर्दा उठा दिया है। गांव का ही निवासी रामसहाय जायसवाल ही वह ‘साइको किलर’ निकला, जिसने प्रतिशोध की भावना, मानसिक कुंठा और छोटी-छोटी पुरानी रंजिशों के चलते अपने ही परिचितों की सुनियोजित तरीके से हत्या की थी। आरोपी चूहा मारने के नाम पर प्राप्त किए गए सुहागा (जहर) को शराब में मिलाकर अपने शिकार को पिला देता था। किसी को शक न हो, इसलिए वह खुद मृतकों को अस्पताल ले जाने और उनके कफन-दफन में शामिल होता था। पुलिस ने कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए मुख्य आरोपी रामसहाय को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ 8 हत्या और 1 हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है।

दिनांक 06.06.2026 को एसडीओपी कसडोल को ग्रामीणों द्वारा फरवरी से 14 मई तक गांव में 8 लोगों की संदेहास्पद मृत्यु होने के संबंध में आवेदन दिया गया था, जिसमें रामसहाय जायसवाल पर संदेह व्यक्त किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल प्रारंभिक जांच शुरू की। प्रकरण में 7 मृतकों के शवों का उत्खनन (कब्र से बाहर निकालना) कराकर पोस्टमार्टम के लिए मेकाहारा रायपुर भेजा गया, जहां मेडिकल लीगल संस्थान की विशेष डॉक्टरों की टीम ने पोस्टमार्टम किया और विसरा, डीएनए व अन्य सैंपल फॉरेंसिक जांच के लिए प्रिजर्व किए। वहीं, एक अन्य मृतक बुधराम जायसवाल के शव का परिजनों द्वारा पहले ही दाह संस्कार कर दिया गया था।

विवेचना के दौरान पुलिस की एक टीम जहां ग्रामीणों से पूछताछ कर सतत निगाह रखे हुए थी, वहीं दूसरी टीम तकनीकी साक्ष्य जुटा रही थी। इसी बीच जानकारी मिली कि आरोपी ने चूहा मारने के नाम पर गांव के ही एक व्यक्ति से सुहागा (जहर) प्राप्त किया था। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने पुरानी रंजिश, गाली-गलौज, चारित्रिक संदेह और टोना-टोटका के चलते एक के बाद एक 8 हत्याएं करना स्वीकार किया।

कुत्ते पर सफल परीक्षण के बाद इंसानों को बनाया निशाना
आरोपी ने सबसे पहले सुहागा जहर का सफल परीक्षण एक कुत्ते पर किया। उसके बाद उसने सिलसिलेवार ढंग से इन वारदातों को अंजाम दिया:

  1. बद्री (06.02.2026): यह आरोपी का पहला शिकार बना, जो अक्सर आरोपी के साथ गाली-गलौज करता था और शराब के लिए परेशान करता था। आरोपी ने उसे सुहागा मिली शराब पिलाई, जिससे उसकी मौत हो गई।
  2. बुठालु (20.02.2026): पहले शिकार से उत्साहित आरोपी ने समाज को गाली देने और पूर्व विधानसभा चुनाव के समय हुए विवाद का बदला लेने के लिए बुठालु को जहर मिलाकर शराब पिलाई, जिससे उसकी भी मौत हो गई।
  3. छत्तु राम (12.03.2026): छत्तु राम आरोपी की पत्नी पर बुरी नीयत रखता था। इसका बदला लेने के लिए आरोपी ने उसे शराब में सुहागा मिलाकर पिला दिया, जिससे उसकी जान चली गई।
  4. बुधराम (20.03.2026): जमीन के लेनदेन और सामाजिक रंजिश के कारण आरोपी ने बुधराम को भी उसी पैटर्न में जहर वाली शराब पिलाई। बुधराम की मौत के बाद उसका दाह संस्कार किया गया था।
  5. विनोद कुमार (31.03.2026): लगातार गाली-गलौज करने से नाराज होकर आरोपी ने विनोद को जहर मिली शराब दी, जिसे पीने से उसकी मौत कसडोल अस्पताल में इलाज के दौरान हो गई।
  6. गजानंद (28.04.2026): आरोपी को शंका थी कि गजानंद उस पर बैगा-गुनिया (जादू-टोना) करता है, जिसकी वजह से वह कर्जमुक्त नहीं हो पा रहा है। आरोपी ने उसे भी सुहागा मिली शराब देकर मार डाला।
  7. चैतूराम (29.04.2026): आरोपी ने चैतूराम से ₹50,000 कर्ज लिया था। ब्याज के पैसे देने से बचने के लिए उसने योजना बनाकर चैतूराम को जहर वाली शराब दी, जिससे उसकी मौत हो गई।
  8. महेतरू राम (14.05.2026): वर्ष 2023 के चुनाव के समय हुए पुराने झगड़े, मारपीट और बीच-बीच में ताने मारने का बदला लेने के लिए आरोपी ने महेतरू को भी जहर देकर मौत के घाट उतार दिया।
  9. कार्तिक (14.04.2026 – हत्या का प्रयास): आरोपी ने कार्तिक को भी सुहागा मिली शराब दी थी, जिसे पीने से उसकी तबीयत खराब हो गई थी और परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया था, जिससे उसकी जान बच गई।

इस सनसनीखेज मामले के खुलासे और आरोपी की गिरफ्तारी में आईजी रायपुर अमरेश मिश्रा के दिशा-निर्देशों सहित पुलिस अधीक्षक ओ.पी. शर्मा के कुशल निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी कसडोल कौशल किशोर वासनिक के नेतृत्व में निरीक्षक प्रवीण मिंज और साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक प्रणाली वैद्य की प्रमुख भूमिका रही। पुलिस टीम ने उत्कृष्ट दक्षता और सूझबूझ का परिचय देते हुए इस बेहद जटिल और खौफनाक अपराध को सुलझाने में सफलता हासिल की है।

आरोपी का विवरण: रामसहाय जायसवाल पिता देवप्रसाद, उम्र 46 साल, निवासी ग्राम पुराना खर्वे, थाना कसडोल।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *