जांजगीर-चांपा। दीपावली की रात पटाखा फोड़ने के विवाद में एक युवक की हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान बाल मुकुंद सोनी के रूप में हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। मामला कोटमी सोनार चौकी क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, बाल मुकुंद अपनी बुजुर्ग मां के साथ कोटमी सोनार गांव में रहता था। दीपावली की रात पटाखों की आवाज से मां को परेशानी हो रही थी, जिसके चलते बाल मुकुंद ने बाहर पटाखा फोड़ने से मना किया। इसी दौरान अज्ञात युवकों से उसका विवाद हो गया। मंगलवार सुबह उसका शव घर के कमरे में खून से लथपथ मिला।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। बिलासपुर से फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है। मृतक की मां ने बताया कि बाल मुकुंद ने कुछ लोगों को पटाखे फोड़ने से मना किया था, जिनसे उसका झगड़ा हुआ था। उन्होंने आशंका जताई है कि उन्हीं लोगों ने हत्या की वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।