रायपुर। राजधानी के खरोरा थाना अंतर्गत तिल्दाडीह गांव के पास एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। युवक की लाश अर्धनग्न अवस्था में पाई गई है, जिसके शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। घटनास्थल से लगभग 100 मीटर की दूरी पर मृतक की मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है। शरीर पर मौजूद निशानों को देखते हुए पुलिस हत्या की आशंका जता रही है।
मृतक की पहचान खरोरा निवासी किशोर सारथी के रूप में हुई है, जिसकी उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही खरोरा थाना पुलिस और एफएसएल की टीमें मौके पर पहुंच गईं। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने गहन जांच शुरू कर दी है। मृतक के परिजनों और दोस्तों से पूछताछ की जा रही है ताकि किसी पुरानी रंजिश या विवाद का पता लगाया जा सके। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों और हत्या की आधिकारिक पुष्टि हो पाएगी। एहतियात के तौर पर इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।