नेशनल ट्राइबल गेम्स के लिए खिलाड़ियों का चयन 6 से 8 जनवरी तक, रायपुर और बिलासपुर में होंगे ट्रायल

रायपुर। राजधानी रायपुर और जगदलपुर में फरवरी माह में आयोजित होने वाले नेशनल ट्राइबल गेम्स के लिए छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों का चयन 6 से 8 जनवरी तक रायपुर और बिलासपुर में किया जाएगा। इन ट्रायल में राज्य के आदिवासी बहुल क्षेत्रों के साथ ही शहरी क्षेत्रों में निवासरत अनुसूचित जनजाति वर्ग के खिलाड़ी भी भाग ले सकेंगे।

खेल संचालनालय ने ट्रायल के लिए ऑनलाइन पंजीयन की सुविधा उपलब्ध कराई है। इसके लिए क्यूआर कोड, मोबाइल नंबर 8871419609 और वेबसाइट जारी की गई है। इसके अलावा ट्रायल स्थल पर पहुंचकर ऑफलाइन पंजीयन की भी व्यवस्था की गई है।

संचालक खेल तनुजा सलाम ने बताया कि नेशनल ट्राइबल गेम्स में कुल सात खेलों को शामिल किया गया है। इनमें वेटलिफ्टिंग, कुश्ती, फुटबॉल और हॉकी के खिलाड़ियों के ट्रायल रायपुर में आयोजित किए जाएंगे, जबकि तीरंदाजी, एथलेटिक्स और तैराकी के खिलाड़ियों के ट्रायल बिलासपुर में होंगे।

ट्रायल में शामिल होने वाले खिलाड़ियों को अनुसूचित जनजाति प्रमाण पत्र और आधार कार्ड की मूल प्रति साथ लाना अनिवार्य होगा। महिला और पुरुष दोनों वर्गों के पात्र खिलाड़ियों के लिए आयु सीमा का कोई बंधन नहीं रखा गया है।

रायपुर में ट्रायल कार्यक्रम के तहत स्वामी विवेकानंद स्टेडियम, कोटा में 6 जनवरी को सुबह 9 बजे से वेटलिफ्टिंग, 7 जनवरी को सुबह 9 बजे से कुश्ती तथा 7 और 8 जनवरी को सुबह 9 बजे से फुटबॉल के ट्रायल आयोजित किए जाएंगे। वहीं 7 और 8 जनवरी को सुबह सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम, रायपुर में हॉकी खिलाड़ियों का ट्रायल होगा।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *