वृंदावन। प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज की तबीयत खराब हो गई है। स्वास्थ्य कारणों के चलते उनकी रात्रि पदयात्रा अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई है। इसके साथ ही उनके एकांतिक दर्शन भी फिलहाल बंद कर दिए गए हैं। इस खबर से देशभर से पहुंचे हजारों भक्त मायूस नजर आए।
रविवार देर रात बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रेमानंद महाराज के दर्शन के लिए पहुंचे थे। हर दिन की तरह भक्त तड़के 3 बजे उनकी पदयात्रा का इंतजार कर रहे थे, लेकिन महाराजजी बाहर नहीं आए। उनकी जगह आश्रम के शिष्यों ने पहुंचकर लाउडस्पीकर से जानकारी दी कि स्वास्थ्य ठीक नहीं होने के कारण पदयात्रा फिलहाल रद्द की जा रही है।
केली कुंज आश्रम की ओर से बताया गया कि प्रेमानंद महाराज पिछले 21 साल से किडनी की गंभीर समस्या से जूझ रहे हैं। डॉक्टरों की सलाह के बाद उन्हें आराम करने को कहा गया है। इसके बाद भक्त बिना दर्शन किए लौटते दिखे। कई श्रद्धालुओं ने राधा रानी से महाराजजी के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की।