रमेश गुप्ता रायपुर। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट एवं थाना आजाद चौक पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 75 लाख रुपये नगद बरामद किए हैं। यह कार्रवाई 27 फरवरी 2026 को थाना आजाद चौक क्षेत्र अंतर्गत समता कॉलोनी में एमसीपी (मोटर चेकिंग प्वाइंट) लगाकर संदिग्ध वाहन एवं व्यक्तियों की जांच के दौरान की गई।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार चेकिंग के दौरान एक्टिवा वाहन क्रमांक CG 04 NJ 8956 को रोका गया। वाहन में रखे एक बड़े थैले की तलाशी लेने पर उसमें भारी मात्रा में नगद राशि पाई गई। वाहन सवार व्यक्ति ने पूछताछ में अपना नाम मिलन शर्मा (25 वर्ष), निवासी समता कॉलोनी, थाना आजाद चौक, रायपुर बताया।
राशि के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए कहे जाने पर संबंधित व्यक्ति कोई संतोषजनक दस्तावेज उपलब्ध नहीं करा सका तथा पूछताछ के दौरान भ्रामक जानकारी देता रहा। इसके बाद पुलिस ने उसके कब्जे से कुल 75,00,000 रुपये नगद, 04 मोबाइल फोन एवं उक्त एक्टिवा वाहन जप्त कर लिया।
मामले में थाना आजाद चौक में इस्तगासा क्रमांक 01/2026 के तहत धारा 106 बीएनएसएस के अंतर्गत वैधानिक कार्रवाई की गई है। साथ ही प्रकरण की सूचना आयकर विभाग को दी गई है, जहां से मामले की अग्रिम जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि संदिग्ध लेन-देन एवं अवैध धनराशि के मामलों में सतत जांच एवं निगरानी जारी रहेगी।