बांग्लादेश का हवाला देकर पूर्व आईएएस ने उठाया सवाल, कहा- केंद्र सरकार में हों 2-3 मुस्लिम मंत्री

भोपाल। मध्य प्रदेश कैडर के सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी नियाज खान अपने ताजा बयान को लेकर एक बार फिर चर्चा में हैं। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से केंद्र सरकार, भाजपा और आरएसएस से मुस्लिम समुदाय को केंद्रीय मंत्रिमंडल में प्रतिनिधित्व देने का आग्रह किया है।

नियाज खान ने बांग्लादेश के उदाहरण का हवाला देते हुए लिखा कि पड़ोसी देश में करीब एक करोड़ हिंदू आबादी पर दो हिंदू मंत्री बनाए गए हैं, जो खुशी की बात है। वहीं, भारत में 20 करोड़ मुस्लिम आबादी होने के बावजूद केंद्र सरकार में एक भी मुस्लिम मंत्री नहीं है। उन्होंने इसे आश्चर्यजनक बताते हुए सरकार से निवेदन किया है कि 2-3 मुस्लिम मंत्री बनाने पर गंभीर चिंतन किया जाए।

गौरतलब है कि नियाज खान पहले भी अपने बेबाक और विवादित बयानों के लिए जाने जाते रहे हैं। इससे पहले उन्होंने ब्राह्मणों को उनकी आबादी के अनुसार आरक्षण देने की वकालत की थी। साथ ही उन्होंने यह बयान भी दिया था कि भारत में रहने वाले सभी लोग पहले हिंदू थे और इस्लाम अरब का धर्म है। उन्होंने पूर्व में भी मुसलमानों से अरब संस्कृति के बजाय स्थानीय संस्कृति से जुड़ने की अपील की थी।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *