राजनांदगांव: मानसिक रूप से विक्षिप्त युवक को 20-25 दिन बाद सुरक्षित घर पहुंचाया, पुलिस की सराहनीय और मानवीय पहल

राजनांदगांव। थाना बसंतपुर पुलिस ने एक मानसिक रूप से विक्षिप्त युवक को उसके परिवार के सुपुर्द करने में सराहनीय एवं मानवीय कार्यवाही की है। विगत 20-25 दिनों से घर से बाहर भटक रहे युवक को सज्जन नागरिकों की सूचना पर पुलिस ने सुरक्षित उसके माता-पिता के पास पहुंचाया।

मामले के अनुसार, दिनांक 10 जनवरी 2026 को शाम करीब 7:30 बजे ग्राम धामनसरा निवासी चन्द्रशेखर पटेल और उनके साथी पिंटू कुमार गायकवाड मोहारा क्षेत्र में मजदूरी कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें एक डरा-सहमा एवं भूखा युवक मिला। सज्जन नागरिकों ने पहले युवक को नाश्ता कराया और पूछताछ करने पर उसने अपना नाम मिथलेश साहू, पिता विष्णु साहू, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम बरही, थाना बालोद, जिला बालोद बताया। युवक ने बताया कि वह पिछले 20-25 दिनों से घर से बाहर है।

इसके बाद सज्जन नागरिकों ने युवक को थाना बसंतपुर लाकर पुलिस को सौंप दिया। थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू ने युवक को भोजन कराया और उसकी विस्तृत जानकारी ली। परिजनों से संपर्क करने पर पता चला कि उसकी माता (उम्र लगभग 50 वर्ष) घर में अकेली रहती हैं और देर रात होने के कारण राजनांदगांव नहीं आ सकीं।

पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव सुश्री अंकिता शर्मा (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में निरीक्षक एमन साहू ने थाना स्टाफ के माध्यम से युवक मिथलेश साहू को सुरक्षित उसके गृहग्राम बरही पहुंचाकर माता-पिता के सुपुर्द किया।

अपने पुत्र को सकुशल पाकर मिथलेश साहू की माता तथा ग्राम सरपंच ने राजनांदगांव पुलिस की इस मानवीय कार्यवाही की प्रशंसा की और पुलिस अधीक्षक के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।

इस कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू, सउनि. जीवराज रावटे तथा ग्रामीण चन्द्रशेखर पटेल, पिंटू कुमार गायकवाड एवं श्री गिरधारी लाल देशलहरे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस ने आम नागरिकों से इसी प्रकार सहयोग की भावना बनाए रखने की अपील की है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *