नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बुधवार को पार्टी मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर हरियाणा विधानसभा चुनाव में वोट चोरी के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि राज्य में 25 लाख फर्जी वोट डाले गए, जिससे जनादेश की चोरी हुई। वहीं राहुल गांधी के आरोप के बाद अब भाजपा ने तीखा पलटवार किया है। भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि “जब चुनाव होते हैं, तब राहुल गांधी विदेश घूमने चले जाते हैं — तो जीतेंगे कहां से?”

राहुल गांधी ने कहा कि हरियाणा की मतदाता सूची में 25 लाख फर्जी एंट्री पाई गई हैं। उनके अनुसार, भाजपा और चुनाव आयोग ने मिलकर बीते साल हरियाणा का चुनाव परिणाम अपने पक्ष में कर लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त और दो अन्य आयुक्तों ने भाजपा के साथ मिलकर हरियाणा में भाजपा की जीत सुनिश्चित की, और इनकी पीएम मोदी के साथ सीधी साझेदारी है।
राहुल गांधी ने इसे “ऑपरेशन सरकार चोरी” करार देते हुए कहा —
“कांग्रेस को हरियाणा में भारी बहुमत मिल रहा था, लेकिन फर्जी वोटिंग के जरिए परिणाम पलट दिए गए।”
प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल गांधी ने एक महिला की तस्वीर दिखाते हुए बताया कि यह ब्राज़ीली मॉडल है, जो हरियाणा की मतदाता सूची में कभी सीमा, कभी स्वीटी और कभी किसी और नाम से दर्ज है।
उन्होंने दावा किया कि इस महिला ने 10 बूथों पर 22 बार वोट डाला।

राहुल गांधी ने आगे कहा —
“हमें शक है कि वोट चोरी सिर्फ बूथ स्तर पर नहीं, बल्कि राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर की जा रही है।”
उन्होंने यह भी कहा कि हरियाणा में हर आठ में से एक वोटर नकली है, और एक लाख से अधिक मतदाताओं की फोटो फर्जी पाई गई है
भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि “जब चुनाव होते हैं, तब राहुल गांधी विदेश घूमने चले जाते हैं — तो जीतेंगे कहां से?”
रिजिजू ने कहा, “राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की और हरियाणा चुनाव की बात की, जबकि इस समय बिहार में मतदान चल रहा है। संसद सत्र में वे एक महिला की तस्वीर वाली टी-शर्ट पहनकर घूम रहे थे, जिसने खुद कांग्रेस को डांटा था। अब वही महिला ‘विदेशी वोटर’ के उदाहरण के रूप में दिखा रहे हैं।”
भाजपा नेता ने तंज कसते हुए कहा —
“राहुल गांधी संसद सत्र के दौरान कभी कंबोडिया, कभी थाईलैंड, तो कभी कोलंबिया चले जाते हैं। वे बार-बार विदेश जाते रहते हैं, और वहीं से जो प्रेरणा मिलती है, उसी के आधार पर यहां आकर समय बर्बाद करते हैं।”
रिजिजू ने आगे कहा कि राहुल गांधी को तथ्यों पर बात करनी चाहिए, न कि “फिजूल के आरोपों से जनता को गुमराह” करना चाहिए।