नई दिल्ली, 17 जनवरी 2026
दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने आगामी बजट में आवारा कुत्तों की माइक्रोचिपिंग और टीकाकरण के लिए कुल 35 करोड़ रुपये विशेष रूप से आवंटित किए हैं। यह कदम आम नागरिकों की सुरक्षा और पशुओं की सेहत सुधारने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार इस राशि में से 20 करोड़ रुपये एमसीडी द्वारा दिए जाएंगे, जबकि शेष 15 करोड़ रुपये पशु कल्याण से जुड़े गैर-सरकारी संगठनों के साथ साझेदारी में खर्च किए जाएंगे। निगम पहले से ही शहर में 13 गैर-सरकारी संगठनों और 20 एनिमल शेल्टर संचालकों के साथ मिलकर काम कर रहा है। एनजीओ की भागीदारी से इस कार्य में तेजी आने की उम्मीद है।
अगले दो-तीन महीनों में लक्ष्य
अधिकारियों ने बताया कि अगले दो से तीन महीने के भीतर दिल्ली में करीब 25 हजार कुत्तों को माइक्रोचिप लगाने और टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया है। माइक्रोचिप में कुत्ते की पहचान, टीकाकरण का इतिहास और लोकेशन की जानकारी संग्रहीत रहेगी। इससे यदि कोई कुत्ता किसी को काटता है तो तुरंत उसकी जानकारी प्राप्त कर उचित कार्रवाई की जा सकेगी।
सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर चल रही योजना
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुपालन में एमसीडी आवारा कुत्तों और अन्य पशुओं के प्रबंधन के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम कर रही है। इसी कड़ी में निगम द्वारका सेक्टर-29 में 1500 कुत्तों की क्षमता वाला पहला डॉग शेल्टर बनाने जा रहा है।
इसके अलावा बजट में बंदरों को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने के लिए अलग से 60 लाख रुपये का प्रावधान भी किया गया है।
बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदू युवक की गाड़ी से कुचलकर हत्या, बीएनपी नेता गिरफ्तार
ढाका, 17 जनवरी 2026
बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं के खिलाफ हिंसा की घटनाएं जारी हैं। ताजा मामला राजबाड़ी जिले के सदर उपजिला से सामने आया है, जहां एक हिंदू युवक की जानबूझकर गाड़ी से कुचलकर हत्या कर दी गई।
पुलिस ने इस मामले में वाहन मालिक अबुल हाशेम को गिरफ्तार किया है। अबुल हाशेम बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) की राजबाड़ी जिला इकाई के पूर्व कोषाध्यक्ष बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने प्रारंभिक जांच में हत्या की योजना के संकेत मिलने की बात कही है। मामले की गहन जांच जारी है।