लैलूंगा में कृषि अधिकारी के खाते से 2.61 लाख की ऑनलाइन ठगी, पुलिस जांच में

Cyber Fraud



रायगढ़। लैलूंगा थाना क्षेत्र में एक कृषि विस्तार अधिकारी के मोबाइल को हैक कर 2 लाख 61 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार लैलूंगा में पदस्थ कृषि विस्तार अधिकारी फलेश्वर प्रसाद पैंकरा ने बताया कि उनका खाता एचडीएफसी बैंक की लैलूंगा शाखा में है।

12 जनवरी को सुबह सवा 9 बजे के करीब जब वे ड्यूटी के लिए तैयार हो रहे थे, उनके मोबाइल पर एक संदेश आया। इसमें अज्ञात व्यक्ति ने उनके खाते से आरटीजीएस के माध्यम से 2 लाख रुपये और आईएमपीएस के माध्यम से 61 हजार रुपये कुल 2 लाख 61 हजार रुपये निकाल लेने की सूचना दी।

कृषि विस्तार अधिकारी ने बताया कि अज्ञात व्यक्ति ने पहले उनका मोबाइल हैक किया और पासवर्ड बदल दिया। इसके बाद बैंक की निकासी सीमा बढ़ाकर दो चरणों में कुल 2.61 लाख रुपये अपने खाते में ट्रांसफर कर लिए।

घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित ने तुरंत बैंक में आवेदन देकर अपना खाता होल्ड करवा दिया। साथ ही लैलूंगा थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है। पुलिस ने पूरे मामले को गंभीरता से लिया है और जांच में जुटी हुई है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *