प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने दो दिवसीय भूटान दौरे पर पहुंच गए हैं। भूटान की राजधानी थिम्फू में पीएम मोदी का भव्य स्वागत किया गया। एयरपोर्ट पर भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे, वरिष्ठ मंत्री और शीर्ष अधिकारी मौजूद रहे। प्रधानमंत्री मोदी 11 से 12 नवंबर तक भूटान दौरे पर रहेंगे। यह दौरा दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में अहम माना जा रहा है।

भूटान में पीएम मोदी का भव्य स्वागत
थिम्फू एयरपोर्ट पर भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे ने स्वयं पीएम मोदी का स्वागत किया। तोबगे ने सोशल मीडिया पर लिखा,
“मैं अपने बड़े भाई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भूटान में स्वागत करने में पूरे देश के साथ शामिल हूं।”
दिल्ली धमाके पर जताया शोक
भूटान में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने दिल्ली धमाके की घटना पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा —
“आज मैं यहां बहुत भारी मन से आया हूं। कल शाम दिल्ली में हुई भयावह घटना ने सभी के मन को व्यथित कर दिया है। मैं पीड़ित परिवारों के दुख को समझता हूं। पूरा देश उनके साथ खड़ा है। इस कायराना हरकत के पीछे जो भी हैं, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा।”
प्रधानमंत्री ने आगे बताया कि वे रातभर जांच एजेंसियों और वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क में थे। उन्होंने कहा कि “हमारी एजेंसियां इस षड्यंत्र की तह तक जाएंगी और साजिशकर्ताओं को सजा दिलाई जाएगी।”
