गोवा, 20 अक्टूबर — प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस बार की दिवाली भारतीय नौसेना के वीर जवानों के साथ गोवा तट पर मना रहे हैं। सशस्त्र बलों के साथ दिवाली मनाने की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए पीएम मोदी ने गोवा और कारवार तट पर स्थित आईएनएस विक्रांत का दौरा किया और नौसैनिकों को संबोधित किया।
प्रधानमंत्री बनने के बाद वर्ष 2014 से ही नरेंद्र मोदी हर साल देश के जवानों के साथ दिवाली मनाने की परंपरा निभा रहे हैं।
जवानों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा —
“आज का दिन अद्भुत है, यह दृश्य अविस्मरणीय है। एक तरफ मेरे सामने असीम समंदर है और दूसरी तरफ मां भारती के वीर जवानों की असीम शक्ति।
एक ओर अनंत क्षितिज और आकाश है, तो दूसरी ओर अनंत सामर्थ्य का प्रतीक यह विशालकाय आईएनएस विक्रांत। समुद्र के जल पर चमकती सूर्य की किरणें, हमारे वीर सैनिकों द्वारा जलाए गए दीपों की तरह हैं।”
उन्होंने कहा कि आईएनएस विक्रांत न केवल भारतीय नौसेना की शक्ति का प्रतीक है, बल्कि आत्मनिर्भर भारत की भावना का भी दर्पण है।
पीएम मोदी ने जवानों को दिवाली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पूरा देश उनके पराक्रम, समर्पण और देशभक्ति पर गर्व करता है।