रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक युवती के साथ दुष्कर्म करने और उसका अश्लील वीडियो बनाकर परिजनों को भेजने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के एक प्लांट में सुपरवाइजर के पद पर तैनात था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।
पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि वह पूंजीपथरा क्षेत्र में मजदूरी का काम करती थी, जहां उसकी पहचान बंजारी स्थित एक प्लांट के सुपरवाइजर पंकज यादव से हुई। मार्च 2025 में आरोपी ने युवती के कमरे पर जाकर उसे चाय में नशीला पदार्थ पिला दिया और बेहोशी की हालत में उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान आरोपी ने युवती का आपत्तिजनक वीडियो भी बना लिया। घटना के बाद आरोपी लगातार युवती को धमकाने लगा, जिससे डरकर वह अपने गांव लौट गई।
मामले का खुलासा तब हुआ जब आरोपी ने युवती का अश्लील वीडियो उसके परिजनों को भेजकर उसे बदनाम करना शुरू कर दिया। मानसिक रूप से परेशान होकर पीड़िता ने जशपुर जिले के कांसाबेल थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। चूंकि घटना स्थल रायगढ़ जिले का था, इसलिए मामला पूंजीपथरा थाने स्थानांतरित किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पंकज यादव को सेंदरीबहार से धर दबोचा। पुलिस को आरोपी के मोबाइल से पीड़िता का वीडियो भी बरामद हुआ है, जिसे सबूत के तौर पर जब्त कर लिया गया है।