रायपुर। राजधानी रायपुर के अनुपम नगर इलाके में एक बार फिर पिटबुल डॉग के हमले से दहशत फैल गई। अचानक हुए हमले में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि युवक किसी से भुगतान लेने आया था, तभी कुत्ते ने उस पर हमला कर पैर को बुरी तरह नोच लिया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी इसी पिटबुल ने ऑटो चालक, घरेलू कामकाजी महिला समेत कई लोगों पर हमला किया है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है। लगातार हो रही घटनाओं से क्षेत्र के रहवासी भय के माहौल में जी रहे हैं।
कालीमाता वार्ड के पूर्व पार्षद अमितेश भारद्वाज ने बताया कि उक्त पिटबुल कुछ वर्ष पहले भी एक ऑटो चालक पर हमला कर चुका है। उस समय नगर निगम और पुलिस प्रशासन से कुत्ते को जब्त करने की मांग की गई थी, लेकिन मकान मालिक के असहयोग के चलते कार्रवाई नहीं हो सकी। मामले में एफआईआर दर्ज हुई थी, पर केवल मुआवजे में समझौता कर दिया गया।
उन्होंने कहा कि एक बार फिर स्थानीय लोगों ने इसकी शिकायत की है। यदि मकान मालिक सहयोग नहीं करता है तो नगर निगम को पिटबुल को जब्त कर क्षेत्रवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए। लगातार हो रहे हमलों से बच्चे और बुजुर्ग घरों से बाहर निकलने में डर रहे हैं।
पूर्व पार्षद ने यह भी सवाल उठाया कि यदि पिटबुल पर देश में प्रतिबंध है, तो इसे रखने की अनुमति कैसे दी जा रही है और प्रशासन इतनी नरमी क्यों बरत रहा है।