अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दी श्रद्धांजलि, बोले– राष्ट्रसेवा और सुशासन के प्रतीक थे अटलजी

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनकी जयंती पर विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, सुशासन और लोकहित के प्रति समर्पित रहा। लोकतांत्रिक मूल्यों के संरक्षण, पारदर्शी शासन और जनकल्याण की उनकी सोच ने उन्हें देशवासियों के हृदय में अमर बना दिया है। उन्होंने कहा कि अटलजी केवल एक महान राजनेता ही नहीं थे, बल्कि संवेदनशील कवि, दूरदर्शी नेतृत्वकर्ता और करुणामय जननायक भी थे, जिन्होंने राजनीति को जनसेवा का सशक्त माध्यम बनाया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अटलजी के नेतृत्व में देश ने विकास और सुशासन की नई दिशा प्राप्त की। समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुँचाने का उनका संकल्प आज भी सरकार की नीतियों और निर्णयों का आधार है। यही भावना छत्तीसगढ़ सरकार की योजनाओं और कार्यक्रमों में स्पष्ट रूप से दिखाई देती है।

उन्होंने कहा कि राज्य में सुशासन को और अधिक सशक्त बनाने के लिए प्रशासनिक सुधार, पारदर्शी व्यवस्था, समयबद्ध सेवाओं की आपूर्ति और जनविश्वास की पुनर्स्थापना के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। यह पूरी यात्रा अटल बिहारी वाजपेयी के विचारों और आदर्शों से प्रेरित है।

मुख्यमंत्री साय ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे अटलजी के आदर्शों ईमानदारी, संवेदनशीलता, संवाद और समावेशी विकास को अपने जीवन और कार्य में अपनाएं और विकसित छत्तीसगढ़ तथा विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं। इस अवसर पर विधायक किरण सिंह देव भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *