रायपुर। छत्तीसगढ़ में छात्रसंघ चुनाव फिर से शुरू करने की मांग को लेकर एनएसयूआई के सैकड़ों कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने सोमवार को प्रदेश की राजधानी में बड़ा प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में तीन प्रमुख विश्वविद्यालयों—पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय और आयुष विश्वविद्यालय का घेराव किया।
इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में प्रदर्शन सबसे उग्र देखा गया, जहां बड़ी संख्या में छात्रों ने एकत्रित होकर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। एनएसयूआई के प्रभारी महामंत्री हेमंत पाल ने कहा कि प्रदेश में पिछले कई वर्षों से छात्रसंघ चुनाव बंद हैं, जिन्हें तत्काल बहाल किया जाना चाहिए। उन्होंने तर्क दिया कि छात्रहितों की रक्षा और युवाओं की आवाज बुलंद करने के लिए लोकतांत्रिक तरीके से चुनाव कराना बेहद जरूरी है।
प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और विश्वविद्यालय परिसरों में भारी पुलिस बल तैनात रहा। इस बीच कार्यकर्ताओं और पुलिस जवानों के बीच तीखी झड़प और झूमाझटकी भी हुई। पुलिस ने स्थिति को संभालने के लिए कड़ा रुख अपनाया, जिसके बाद फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। छात्र अपनी मांग पर अड़े हुए हैं और आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी है।