राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल गुरुवार को रायपुर एयरपोर्ट पहुंचे। एयरपोर्ट से वे सीधे नवा रायपुर स्थित नवीन विश्रामगृह के लिए रवाना हुए, जहां से दोपहर 2 बजे IIM रायपुर पहुंचकर तीन दिवसीय DGP–IG कॉन्फ्रेंस की कार्यवाही में हिस्सा लेंगे।
नवा रायपुर के IIM कैंपस में 28 से 30 नवंबर तक आयोजित इस राष्ट्रीय सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और देशभर से आए लगभग 600 शीर्ष पुलिस अधिकारी शामिल होंगे। पहले दिन दोपहर 2 से रात 8 बजे तक लगातार बैठकें होंगी, जिनमें आंतरिक सुरक्षा, खुफिया प्रणाली और भविष्य की रणनीति पर उच्चस्तरीय चर्चा होगी। इस बार सम्मेलन में पहली बार SP रैंक के अधिकारी भी शामिल हो रहे हैं।
वीवीआईपी मूवमेंट को देखते हुए नवा रायपुर में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। भारी वाहनों की एंट्री प्रतिबंधित है और माना एयरपोर्ट का अराइवल गेट तीन दिनों के लिए बंद रखा गया है। सम्मेलन के लिए 400 से अधिक वाहन और कई सरकारी आवास आरक्षित किए गए हैं। सभी राज्यों द्वारा अपराध नियंत्रण, साइबर सुरक्षा और आतंकवाद-रोधी प्रयासों पर प्रेजेंटेशन भी दिए जाएंगे।
छत्तीसगढ़ पहली बार इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय आयोजन की मेजबानी कर रहा है।