अब पौधे करेंगे फसलों की सुरक्षा

कतार में तैयार होते हैं यह 10 हेज प्लांट

राजकुमार मल-

भाटापारा- होते हैं तैयार कतार में। लगते हैं कांटे। बेहद घनी होती हैं, हेज प्लांट की 10 प्रजातियां। इसलिए ऐसे किसानों के लिए इन्हें आदर्श माना जा रहा है, जो फसलों की सुरक्षा के लिए कांटा तार या तार जाली की खरीदी पर बड़ी रकम खर्च कर रहे हैं।

अब पौधों की मदद से फसलों की सुरक्षा की जा सकेगी। वानिकी वैज्ञानिकों ने ऐसी झाड़ियों की पहचान की है, जो बेहद घनी होती हैं । कांटेदार यह प्रजातियां तय ऊंचाई तक ही बढ़ती हैं। इसलिए इनकी मदद से फसलों की सुरक्षा की जा सकती है। दिलचस्प यह है कि यह प्रजातियां कतार में ही तैयार होती हैं। इसलिए दीवार का स्वरूप,प्राकृतिक रूप से मिल जाता है।

बॉक्स
क्या है हेज प्लांट

घनी झाड़ियां के रूप में तैयार होते हैं हेज प्लांट। किसी भी प्रकार की भूमि में एक बार रोपण के बाद नए पौधे कतार के रूप में तैयार होते हैं। प्राकृतिक रूप से सतत चलने वाली यह प्रक्रिया, मजबूत दीवार बनाती चलती है। इससे फसल को सुरक्षित रखने में मदद इसलिए मिलती है क्योंकि दीवार को पार करना घुमंतू जानवरों के लिए आसान नहीं होता।

बॉक्स
सबसे आगे मेहंदी और करौंदा

हेज प्लांट में मेहंदी और करौंदा को इसलिए अहम माना जाता है क्योंकि दोनों में कांटे होते हैं और बेहद घनी शाखाएं होती हैं। इसकी वजह से दूसरी तरफ प्रवेश करना आसान नहीं होता। इसके अलावा पत्तियों और फलों की बिक्री से अतिरिक्त आय भी हासिल की जा सकती है। प्राकृतिक बाड़ के लिए किसानों की पसंद में यह दोनों प्राथमिकता में बनी हुई है। ऊंचाई की बात करें, तो करौंदा को 10 फीट ऊंचाई तक पहुंचना पाया गया है ।

बॉक्स
20 से 40 फीट ऊंचा

बोगनवेलिया 20 फीट और वीपिंग फिग 40 फीट। ऊंचाई के लिए पहचानी जाने वाली हेज प्लांट की यह दोनों प्रजातियां गार्डन के लिए बेहतर मानी गई हैं। सहारा मिलने पर, दोनों और भी ऊंचाई हासिल करने में सक्षम हैं। यही वजह है कि दीवार को आकर्षक रूप देने के लिए शहरी क्षेत्र में अधिक दिखाई देते हैं। इंग्लिश आई वी प्लांट भी इसी की श्रेणी में है क्योंकि यह भी सहारा मिलने पर तेजी से ग्रोथ लेता है।

बॉक्स
फूल वाले हेज प्लांट

फायरबुश, एक्जोरा और लैंटाना। इनमें आकर्षक फूल लगते हैं। कम देख-रेख वाली यह प्रजातियां जल्द बढ़वार लेती हैं। कनेर भी ऐसी ही प्रजातियों में है, जिसकी शाखाएं घनी होती है। साल भर पत्तियों के लगे रहने की वजह से यह भी हेज प्लांट की सूची में शामिल है। डेविल्स बैकबोन प्लांट भी खूब घना होता है। पत्तियों का सफेद किनारा और मध्य भाग हरा होने की वजह से आकर्षक दिखाई देता है। बेहद घना होने की वजह से यह भी प्राकृतिक बाड़ की सूची में स्थान बना चुका है।

 

पर्यावरण हितैषी एवं बहुउपयोगी

जीवंत बाड़ अन्य तरीकों की तुलना में किफायती और पर्यावरण अनुकूल होते हैं। ये मिट्टी की संरचना को बनाए रखने में मदद और कटाव को रोकते हैं। किसी स्थान के सूक्ष्म जलवायु को बनाए रखने में जीवंत बाड़ महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इस प्रकार के पौधे बाड़ के रूप में कार्य करने के अलावा फल, फूल, चारा एवं ईंधन तथा अन्य उपयोगी वस्तुएं भी प्रदान करते हैं।

अजीत विलियम्स, साइंटिस्ट (फॉरेस्ट्री), बीटीसी कॉलेज ऑफ़ एग्रीकल्चर एंड रिसर्च स्टेशन, बिलासपुर