रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए एक नई पहल शुरू की है। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत “दीदी के गोठ” नामक विशेष रेडियो कार्यक्रम का शुभारंभ 31 अगस्त 2025 को दोपहर 12:15 बजे होगा। यह प्रसारण आकाशवाणी रायपुर समेत प्रदेश के सभी आकाशवाणी केंद्रों से एक साथ किया जाएगा, साथ ही ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर भी सुना जा सकेगा।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा, “सुशासन का अर्थ तभी पूर्ण होगा जब हमारी ग्रामीण महिलाएं सामाजिक, आर्थिक और पारिवारिक रूप से मजबूत हों।” उन्होंने इस कार्यक्रम को सरकार की दूरदर्शी सोच का प्रतिबिंब बताया।
इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण अंचलों की महिलाओं की कहानियों को सामने लाना, उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़ना और आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रेरित करना है। स्व-सहायता समूहों की प्रेरणादायी कहानियां और सफल ‘लखपति दीदियों’ के अनुभव भी इसमें साझा किए जाएंगे।
शुभारंभ अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री और राज्य के उप मुख्यमंत्री तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा द्वारा ग्रामीण महिलाओं के नाम विशेष संदेश प्रसारित किए जाएंगे।
कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पंचायत स्तर पर सामूहिक श्रवण की व्यवस्था की गई है, जहां जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, स्थानीय समुदाय और स्व-सहायता समूह की महिलाएं एक साथ इसे सुनेंगी। इससे आपसी संवाद और प्रेरणा का माहौल बनेगा तथा महिलाओं को आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ने की नई दिशा मिलेगी।