कलेक्ट्रेट परिसर में नगर सेना के जवान ने जहर खाकर की आत्महत्या की कोशिश, हालत गंभीर

कोरबा। कोरबा जिले के कलेक्ट्रेट परिसर में सोमवार को नगर सेना के जवान संतोष पटेल ने आत्महत्या का प्रयास किया। जवान ने परिसर में ही जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।

बर्खास्तगी से था मानसिक रूप से परेशान
घटना के बाद जवान के पास से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें उसने आत्महत्या के प्रयास के पीछे के कारणों का उल्लेख किया है। जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले महिला सैनिकों द्वारा जिला सेनानी के खिलाफ विशाखा समिति में शिकायत दर्ज कराई गई थी। इस शिकायत के बाद संतोष पटेल को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया था, जिससे वह मानसिक रूप से आहत था।

वरिष्ठ अधिकारियों पर प्रताड़ना के आरोप
सुसाइड नोट में जवान ने डिविजनल कमांडेंट और कोरबा कमांडेंट पर मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। आशंका जताई जा रही है कि लगातार उत्पीड़न के चलते उसने यह कदम उठाया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *