भिलाई। दुर्ग पुलिस ने म्यूल बैंक अकाउंट संचालित करने वाले संगठित गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए मुख्य आरोपी लोकेश जाधव उर्फ लक्की सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 78 एटीएम व क्रेडिट कार्ड, 21 चेकबुक, 18 पासबुक और 16 विभिन्न कंपनियों के सिम कार्ड बरामद किए गए। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) सुखनंदन राठौर ने बताया कि 30 दिसंबर को थाना पद्मनाभपुर में मोबाइल दुकानदार अविनाश दुबे ने शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में कहा गया कि उनकी दुकान में काम करने वाले अमित मिश्रा के माध्यम से बोरसी निवासी लोकेश जाधव (35) से मुलाकात हुई। लोकेश ने विदेश से पैसे आने का बहाना बनाकर 20 हजार रुपये का लालच देकर प्रार्थी से एक्सिस बैंक और आईडीबीआई बैंक के खाते उपलब्ध कराए।
जब आईडीबीआई खाता फ्रीज हो गया, तब प्रार्थी को संदेह हुआ और शिकायत की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मुख्य आरोपी लोकेश महाराष्ट्र के कल्याण भागने की फिराक में था, जिसे दुर्ग बस स्टैंड से गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से अन्य व्यक्तियों के 33 एटीएम व क्रेडिट कार्ड, 15 चेकबुक, नौ पासबुक और 12 सिम कार्ड बरामद हुए।