कन्या विवाह कार्यक्रम में अव्यवस्थाओं के आरोप, नाराज होकर सांसद प्रतिनिधि लौटे, एक वर की तबीयत बिगड़ी

बीजापुर। मिनी स्टेडियम में आयोजित मुख्यमंत्री कन्या विवाह कार्यक्रम के दौरान व्यवस्थाओं को लेकर सवाल खड़े हो गए। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा की शिकायतें सामने आईं, वहीं तेज धूप और पानी की कमी के बीच एक वर की तबीयत बिगड़ने से मौके पर हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे सांसद प्रतिनिधि जीलाराम राणा का विधिवत स्वागत नहीं किया गया। इसे लेकर वे नाराज हो गए और कार्यक्रम समाप्त होने से पहले ही लौट गए। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कुछ अन्य जनप्रतिनिधियों का भी न तो मंच से परिचय कराया गया और न ही सम्मानपूर्वक स्वागत हुआ, जिससे असंतोष का माहौल बन गया।


सांसद प्रतिनिधि के साथ भाजपा कार्यकर्ता पूजा पोंदी, माया झाड़ी और सुगंती चालकी भी कार्यक्रम स्थल से बाहर निकल गईं। भाजपा महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष पूजा पोंदी ने सोशल मीडिया पर नाराजगी जताते हुए इसे प्रशासन की बड़ी लापरवाही बताया। उनका कहना है कि सार्वजनिक कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों की अनदेखी से आयोजन की गरिमा प्रभावित होती है।


उधर, कार्यक्रम के दौरान तेज धूप और कथित रूप से पीने के पानी की पर्याप्त व्यवस्था न होने के कारण एक वर अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा। युवक के गिरते ही वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। उपस्थित लोगों ने तुरंत उसे वाहन से जिला अस्पताल बीजापुर पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना को लेकर अब तक प्रशासन या महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम को लेकर शहर में चर्चाएं तेज हो गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *