लखनऊ। केशव प्रसाद मौर्य के हेलिकॉप्टर को शनिवार को तकनीकी खराबी के कारण आपातकालीन लैंडिंग करानी पड़ी। वह लखनऊ से कौशांबी के लिए रवाना हुए थे, लेकिन उड़ान भरने के करीब 15 मिनट बाद हेलिकॉप्टर के सिस्टम में अचानक दिक्कत आ गई। डिस्प्ले बंद हो गया और केबिन के अंदर धुआं भरने लगा।
ATC को दी सूचना, वापस लखनऊ मोड़ा गया हेलिकॉप्टर
स्थिति गंभीर होते ही पायलट ने तुरंत लखनऊ के एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को इसकी जानकारी दी और इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी। उस समय तक हेलिकॉप्टर लगभग 50 किलोमीटर दूर बछरावां इलाके तक पहुंच चुका था। अनुमति मिलते ही पायलट ने हेलिकॉप्टर को वापस लखनऊ एयरपोर्ट की ओर मोड़ दिया।

2000 फीट की ऊंचाई पर आई तकनीकी दिक्कत
जानकारी के अनुसार हेलिकॉप्टर ने लखनऊ के ला मार्टिनियर स्कूल ग्राउंड से उड़ान भरी थी, जो डिप्टी सीएम के आवास के पास स्थित है। हेलिकॉप्टर में केशव मौर्य सहित कुल 6 लोग सवार थे, जिनमें दो पायलट, एक सलाहकार, एक कर्मचारी और सुरक्षा कर्मी शामिल थे। करीब 2000 फीट की ऊंचाई पर पहुंचने के बाद पायलट को तकनीकी खराबी का पता चला।
सुरक्षित उतरा हेलिकॉप्टर, सभी लोग सुरक्षित
पायलट ने एटीसी से अनुमति मिलने के बाद हेलिकॉप्टर को सावधानीपूर्वक लखनऊ एयरपोर्ट पर उतार दिया। सुबह करीब 11:15 बजे सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। इस दौरान एहतियात के तौर पर एयरपोर्ट पर फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस भी तैनात कर दी गई थी। हेलिकॉप्टर में मौजूद सभी छह लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

दूसरे हेलिकॉप्टर से कौशांबी रवाना
घटना के बाद केशव मौर्य दूसरे हेलिकॉप्टर से कौशांबी के लिए रवाना हो गए, जहां उन्हें दो दिवसीय सरस महोत्सव कार्यक्रम का उद्घाटन करना है।
यूपी सरकार का हेलिकॉप्टर
बताया जा रहा है कि यह हेलिकॉप्टर उत्तर प्रदेश सरकार का है, जिसकी जिम्मेदारी नागरिक उड्डयन विभाग के पास है। विभाग के निदेशक ईशान प्रताप सिंह हैं, जो मुख्यमंत्री के विशेष सचिव भी हैं। इससे पहले भी केशव मौर्य के हेलिकॉप्टर में तीन बार तकनीकी खराबी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।