बीजापुर में सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई, छह माओवादी स्मारक ध्वस्त, विस्फोटक बरामद

छत्तीसगढ़ में नक्सल विरोधी अभियान के तहत बीजापुर जिले के मोदकपाल और उसूर थाना क्षेत्रों में सुरक्षाबलों ने अहम कार्रवाई की है। मोदकपाल पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की संयुक्त टीम ने शनिवार को छह माओवादी स्मारकों को ध्वस्त किया।

इससे पहले शुक्रवार को ताड़पाला हिल्स क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखी गई विस्फोटक सामग्री बरामद की गई थी।

चलित थाना लगाकर सुनी ग्रामीणों की समस्याएं

ग्राम पंगुड़ में सीआरपीएफ 62वीं वाहिनी नुकनपाल और मोदकपाल थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने अभियान के दौरान चलित थाना लगाया। इस दौरान जवानों ने ग्रामीणों की शिकायतें सुनीं और साइबर जागरूकता अभियान के तहत ऑनलाइन फ्रॉड, फर्जी कॉल, ओटीपी धोखाधड़ी और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग की जानकारी दी। ग्रामीणों ने भारत माता की जय के नारे लगाकर सुरक्षा बलों का उत्साहवर्धन किया।

अलग-अलग ठिकानों से विस्फोटक बरामद

उसूर थाना क्षेत्र में सीआरपीएफ 196वीं वाहिनी और कोबरा 204 बटालियन की संयुक्त टीम ने ताड़पाला हिल्स इलाके में सघन अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान दो अलग-अलग स्थानों पर डंप से प्लास्टिक ड्रम और पॉलिथिन में छिपाकर रखी विस्फोटक सामग्री, राशन और अन्य माओवादी सामग्री बरामद की गई।

बरामद सामग्री में 13 डेटोनेटर, 11 किलोग्राम गन पाउडर, चार प्लास्टिक ड्रम, दो स्टील ड्रम और दो लोहे के ड्रम शामिल हैं। इसके अलावा माओवादी वर्दी, जूते, कैप, डोरी, यूएसबी केबल, सोलर प्लेट और साहित्य भी जब्त किया गया।

एरिया डॉमिनेशन के दौरान जमीन में दबाकर लगाए गए 13 प्रेशर आईईडी और एक डायरेक्शन आईईडी भी बरामद किया गया। अभियान के दौरान टेकमेटला कुंजामपारा क्षेत्र में बनाए गए एक माओवादी स्मारक को भी ध्वस्त किया गया।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *