मैनपाट महोत्सव 2026: 13 से 15 फरवरी तक मचेगी धूम, स्थानीय कलाकारों को मिलेगा बड़ा मंच

मैनपाट महोत्सव 2026

अम्बिकापुर: छत्तीसगढ़ के शिमला कहे जाने वाले मैनपाट में इस वर्ष भी तीन दिवसीय ‘मैनपाट महोत्सव 2026’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल की अध्यक्षता में गुरुवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में इस महोत्सव की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई।

13, 14 और 15 फरवरी को होगा आयोजन विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी मैनपाट महोत्सव का आयोजन फरवरी माह की संभावित तिथि 13, 14 और 15 फरवरी को रोपाखार जलाशय के समीप किया जाना तय किया गया है। बैठक में महोत्सव को गरिमामय और भव्य बनाने के लिए कार्यक्रम की रूपरेखा, अतिथियों के आगमन, सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं और विभागीय स्टॉल्स पर विस्तार से चर्चा की गई।

स्थानीय प्रतिभाओं को प्राथमिकता मंत्री राजेश अग्रवाल ने बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए कि इस बार आयोजन में स्थानीय कलाकारों, स्कूल और कॉलेज के छात्र-छात्राओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के अधिक से अधिक अवसर दिए जाएं। उन्होंने स्थानीय दुकानदारों और निजी संस्थानों को भी मेला स्थल पर स्टॉल आवंटन के लिए स्थान प्रदान करने के निर्देश दिए हैं, जिसके लिए जल्द ही आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे।

प्रशासनिक तैयारियां तेज मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि:

लोक निर्माण विभाग, वन विभाग और अन्य संबंधित विभाग अपनी जिम्मेदारियों का मुस्तैदी से निर्वहन करें।

मनोरंजन, खेल गतिविधियों और एडवेंचर एक्टिविटी के लिए उचित स्थान सुनिश्चित किया जाए।

शासन और प्रशासन आपसी समन्वय से कार्य करें ताकि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

बैठक में उपस्थित अधिकारी इस महत्वपूर्ण बैठक में कलेक्टर अजीत वसंत, पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल, जिला पंचायत सीईओ विनय अग्रवाल, अपर कलेक्टर सुनील नायक सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *