BMC Election 2026 : मुंबई, महाराष्ट्र की 29 नगर निगमों के लिए आज सुबह 7:30 बजे से मतदान की प्रक्रिया शुरू हो गई है। पूरे राज्य की नजरें खास तौर पर देश की सबसे अमीर महानगरपालिका बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) पर टिकी हैं, जहां पूरे 9 साल के लंबे इंतजार के बाद चुनाव हो रहे हैं। मुंबई की 227 सीटों पर हो रहे इस मुकाबले में इस बार समीकरण पूरी तरह बदले हुए नजर आ रहे हैं। मतदान शाम 5:30 बजे तक चलेगा और नतीजों का ऐलान कल, यानी शुक्रवार को होगा।
वोटिंग के लिए उमड़ी हस्तियां, सचिन और अक्षय ने निभाया फर्ज
लोकतंत्र के इस महापर्व में शामिल होने के लिए सुबह से ही पोलिंग बूथों पर लंबी कतारें देखी गईं। आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने नागपुर में अपना वोट डाला। वहीं खेल जगत के दिग्गज सचिन तेंदुलकर और बॉलीवुड स्टार अक्षय कुमार ने मुंबई में मतदान किया। इन दिग्गजों ने स्याही लगी उंगली दिखाकर लोगों को संदेश दिया कि शहर की बेहतरी के लिए घर से बाहर निकलें और वोट जरूर दें।
मुंबई का चुनावी गणित: रोचक हुआ मुकाबला
बीएमसी की सत्ता की चाबी पाने के लिए इस बार बड़े गठबंधन मैदान में हैं। बहुमत के लिए 114 सीटों का जादुई आंकड़ा जरूरी है:
महायुति (भाजपा + शिंदे गुट): भाजपा 137 और एकनाथ शिंदे की शिवसेना 90 सीटों पर चुनाव लड़ रही है।
उद्धव-राज गठबंधन: इस चुनाव की सबसे बड़ी चर्चा उद्धव ठाकरे (शिवसेना UBT) और राज ठाकरे (MNS) का साथ आना है। यहाँ UBT 163 और मनसे 52 सीटों पर मैदान में है।
कांग्रेस + वीबीए: कांग्रेस 143 सीटों पर लड़ रही है, जबकि प्रकाश अंबेडकर की वंचित बहुजन आघाडी (VBA) को 46 सीटें मिली हैं।
एनसीपी (अजित पवार गुट): अजित पवार की पार्टी किसी गठबंधन का हिस्सा न बनते हुए अकेले 94 सीटों पर चुनाव लड़ रही है।
खास बात यह है कि 32 सीटों पर सीधा मुकाबला भाजपा-शिवसेना और उद्धव-राज की सेना के बीच है, क्योंकि यहाँ कांग्रेस-वीबीए ने अपने प्रत्याशी नहीं उतारे हैं।
सुरक्षा के कड़े पहरे में मुंबई
चुनाव के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए मुंबई पुलिस ने अभूतपूर्व इंतजाम किए हैं। शहर की सुरक्षा में 25,000 से अधिक पुलिसकर्मी और होम गार्ड तैनात हैं। सुरक्षा की कमान 10 एडिशनल कमिश्नर, 33 डीसीपी और 84 एसीपी संभाल रहे हैं। संवेदनशील इलाकों में ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के जरिए चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जा रही है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।