आज रात से लगेगा लॉकडाउन: सरकार का बड़ा फैसला, बाजार और शादियों के लिए नए नियम जारी

इस्लामाबाद: मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष और ईरान युद्ध के कारण उत्पन्न हुए ऊर्जा संकट के मद्देनजर पाकिस्तान की शहबाज शरीफ सरकार ने देशभर में रात का लॉकडाउन लगाने का फैसला किया है। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक के बाद यह निर्णय लिया गया कि आज यानी 7 अप्रैल से देश के प्रमुख हिस्सों में रात 8 बजे के बाद बाजार और शॉपिंग मॉल बंद कर दिए जाएंगे।

वैश्विक स्तर पर ईंधन की बढ़ती कीमतों और आपूर्ति श्रृंखला में आई बाधाओं से निपटने के लिए सरकार ने यह सख्त कदम उठाया है। नए नियमों के अनुसार पंजाब, खैबर पख्तूनख्वा, बलूचिस्तान, इस्लामाबाद, गिलगित-बाल्टिस्तान और पीओके में वाणिज्यिक क्षेत्र रात 8 बजे बंद होंगे। हालांकि, खैबर पख्तूनख्वा के कुछ शहरों में बाजार रात 9 बजे तक खुले रखने की अनुमति दी गई है।

शादी समारोहों और अन्य आयोजनों के लिए भी कड़े निर्देश जारी किए गए हैं। मैरिज हॉल, रेस्टोरेंट और बेकरी रात 10 बजे के बाद संचालित नहीं हो सकेंगे। यहां तक कि निजी संपत्तियों और घरों में भी रात 10 बजे के बाद वैवाहिक कार्यक्रमों के आयोजन पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। आम जनता को राहत देने के लिए सरकार ने गिलगित और मुजफ्फराबाद में एक महीने के लिए मुफ्त इंटरसिटी पब्लिक ट्रांसपोर्ट की सुविधा देने की घोषणा की है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मेडिकल स्टोर और फार्मेसी जैसी आवश्यक सेवाओं को इन प्रतिबंधों से बाहर रखा गया है। यह स्मार्ट लॉकडाउन आज रात से ही प्रभावी हो जाएगा। इससे पहले भी विभिन्न प्रांतीय सरकारों ने ऊर्जा बचत के उद्देश्य से इसी तरह की पहल की थी, जिसे अब राष्ट्रीय स्तर पर लागू कर दिया गया है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *