इंदौर में 93 लाख की लोन ठगी का खुलासा: फर्जी रजिस्ट्री दिखाकर डॉक्टर के प्लॉट पर लिया लोन, पिता-पुत्र गिरफ्तार

इंदौर पुलिस ने बड़ी लोन ठगी के मामले में पिता-पुत्र की जोड़ी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों ने एक डॉक्टर के प्लॉट को अपना बताकर फर्जी दस्तावेज तैयार किए और निजी फाइनेंस कंपनी से 93 लाख रुपये का लोन हासिल कर लिया।

मामला लसूड़िया थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार आरोपी शेख रईस और उसका बेटा मोहम्मद जुनैद चिकित्सक नगर स्थित एक प्लॉट के असली मालिक नहीं थे। यह संपत्ति डॉक्टर राजरानी खरे के नाम दर्ज है, लेकिन आरोपियों ने नकली आधार कार्ड और अन्य दस्तावेज तैयार कर फर्जी रजिस्ट्री बना ली।

इन्हीं फर्जी कागजातों के आधार पर आरोपियों ने फाइनेंस कंपनी से भारी भरकम लोन ले लिया। ठगी का खुलासा तब हुआ जब लोन कलेक्शन मैनेजर को दस्तावेजों में गड़बड़ी का शक हुआ और उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि इसी प्लॉट को लेकर पहले भी धोखाधड़ी की कोशिश की जा चुकी है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचना और आपराधिक साजिश की धाराओं में केस दर्ज कर दोनों को रिमांड पर लिया है।

पुलिस का कहना है कि जांच अब बैंक और फाइनेंस कंपनी के आंतरिक स्तर तक पहुंच चुकी है। इस पूरे फर्जीवाड़े में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और आगे और गिरफ्तारियां संभव हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *