रायपुर। छत्तीसगढ़ में होली के पर्व पर शराब बिक्री को लेकर राज्य सरकार ने अपना निर्णय बदल दिया है। अब होली के दिन प्रदेशभर की शराब दुकानें बंद रहेंगी। आबकारी विभाग इस संबंध में जल्द ही आधिकारिक आदेश जारी करने जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि नई आबकारी नीति के तहत पूर्व में निर्धारित सात ड्राई डे की सूची में से होली, मुहर्रम और महात्मा गांधी निर्वाण दिवस (30 जनवरी) को हटाने का निर्णय लिया गया था। इस बदलाव के बाद यह माना जा रहा था कि इन विशेष अवसरों पर शराब की दुकानें खुली रहेंगी। हालांकि, अब सरकार ने जनहित और कानून-व्यवस्था की स्थिति को ध्यान में रखते हुए होली पर शराब बिक्री की अनुमति नहीं देने का फैसला किया है।
सूत्रों के अनुसार, सामाजिक शांति और सुरक्षा के मद्देनजर यह निर्णय लिया गया है ताकि त्योहार के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके। विभाग द्वारा आदेश जारी होने के बाद ड्राई डे की स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो जाएगी। शेष घोषित ड्राई डे पूर्व की व्यवस्था के अनुसार ही लागू रहेंगे।