कवर्धा में ‘किंगडम बुक’ ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क का भंडाफोड़, ‘सट्टा किंग’ राजा सरदार गिरफ्तार

कवर्धा। छत्तीसगढ़ में महादेव ऐप पर पुलिसिया शिकंजे के बाद अब सट्टेबाजों ने नए रास्ते तलाश लिए हैं। ताजा मामला कवर्धा जिले से सामने आया है, जहां पुलिस ने ‘किंगडम बुक डॉट कॉम’ (Kingdom Book) नामक प्लेटफॉर्म के जरिए ऑनलाइन सट्टा संचालित करने वाले मुख्य आरोपी सत्यवीर सिंह खुराना उर्फ राजा सरदार को गिरफ्तार किया है। महादेव ऐप के विकल्प के रूप में उभरे इस नए नेटवर्क के जरिए करोड़ों रुपये के दांव लगाए जा रहे थे।

पुलिस को लंबे समय से जिले में अवैध ऑनलाइन सट्टे की शिकायतें मिल रही थीं। तफ्तीश के दौरान यह खुलासा हुआ कि आरोपी राजा सरदार, रायपुर निवासी मास्टरमाइंड अनीश खान के इशारे पर यह काला कारोबार चला रहा था। अनीश खान ही सट्टे की ‘सुपर आईडी’ उपलब्ध कराता था, जिसके माध्यम से राजा सरदार ने आगे 70 से 80 आईडी बांट रखी थी। जांच में करोड़ों रुपये के अवैध लेन-देन के पुख्ता सबूत मिले हैं।

पुराना अपराधी है राजा सरदार कवर्धा एसपी धर्मेंद्र सिंह छवई ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी राजा सरदार का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है; वह पहले भी गांजा तस्करी के मामले में जेल की हवा खा चुका है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान आरोपी के कब्जे से कई मोबाइल फोन, डिजिटल डिवाइस और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जब्त किए हैं। इन डिवाइस की फॉरेंसिक जांच की जा रही है, जिससे इस सिंडिकेट से जुड़े अन्य सफेदपोश नामों के बेनकाब होने की उम्मीद है।

मास्टरमाइंड अभी भी फरार इस पूरे गिरोह का मास्टरमाइंड अनीश खान और उसका एक अन्य सहयोगी स्वयम खुराना फिलहाल पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा गेमिंग एक्ट की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। एएसपी और डीएसपी के नेतृत्व में साइबर सेल की टीम उन तमाम लोगों की कुंडली खंगाल रही है, जिन्होंने सट्टा खेलने के लिए आईडी ली थी। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की अलग-अलग टीमें रायपुर सहित अन्य ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा कर बाकी आरोपियों को भी सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *