उन्नाव के हसनगंज में पीपल के पेड़ के नीचे खुदाई में मिली खाटू श्याम की प्रतिमा, उमड़ी भीड़


उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले के हसनगंज तहसील क्षेत्र से एक अनोखा मामला सामने आया है। हसनगंज क्षेत्र के बीचपरी गांव में पीपल के पेड़ के नीचे खुदाई के दौरान खाटू श्याम से मिलती-जुलती एक प्रतिमा मिलने से क्षेत्र में चर्चा का माहौल बन गया है। प्रतिमा मिलने की खबर फैलते ही उसे देखने और दर्शन करने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचने लगे।

ग्रामीणों के अनुसार, यह पूरा मामला एक युवक के सपने से जुड़ा हुआ है। बीचपरी गांव निवासी मनोहर लाल के 25 वर्षीय पुत्र अमरपाल, जो इटावा में रहकर बी फार्मा की पढ़ाई कर रहा है, ने बताया कि उसे पिछले कई महीनों से लगातार सपने में खाटू श्याम दिखाई दे रहे थे। सपने में उसे घर के बाहर स्थित पीपल के पेड़ के नीचे खुद के दबे होने की बात कही जाती थी।

अमरपाल ने बताया कि बार-बार आने वाले इन सपनों से वह परेशान हो गया और 7 जनवरी को इटावा से गांव लौटकर उसने अपने परिजनों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद बुधवार सुबह परिजनों और ग्रामीणों के साथ पीपल के पेड़ के नीचे खुदाई शुरू की गई। करीब डेढ़ फीट खुदाई करने पर वहां से खाटू श्याम से प्रतीत होने वाली एक प्रतिमा निकली।

प्रतिमा मिलने की सूचना मिलते ही मौके पर सैकड़ों लोग एकत्र हो गए। ग्रामीणों ने प्रतिमा को उसी पीपल के पेड़ के नीचे स्थापित कर दिया, जहां लोग दर्शन कर रहे हैं और चढ़ावा भी चढ़ाया जा रहा है। मामले की जानकारी प्रशासन को भी दी गई है।

हालांकि कुछ लोग इसे अंधविश्वास से जुड़ा मामला भी बता रहे हैं। इस संबंध में एसडीएम प्रज्ञा पांडे ने बताया कि सूचना प्राप्त हुई है और पूरे मामले की जांच कराई जाएगी।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *