छत्तीसगढ़ में अप्रैल माह के लिए केरोसिन का आबंटन जारी, राशनकार्डधारियों को मिलेगा 1 से 2 लीटर तेल

रायपुर: छत्तीसगढ़ शासन के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत अप्रैल 2026 के लिए केरोसिन का आबंटन जारी कर दिया है। केंद्र सरकार से प्राप्त प्रथम तिमाही के कोटे में से कुल 528 किलोलीटर केरोसिन का आबंटन किया गया है, जिसका वितरण उचित मूल्य की दुकानों के माध्यम से किया जाएगा।

खाद्य विभाग द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, अंत्योदय और प्राथमिकता श्रेणी के सभी राशनकार्डधारियों को इस आबंटन का लाभ मिलेगा। शहरी क्षेत्रों के कार्डधारियों को प्रति राशनकार्ड अधिकतम 1 लीटर और ग्रामीण क्षेत्रों में प्रति कार्ड अधिकतम 2 लीटर केरोसिन प्रदान किया जाएगा। राज्य शासन ने सभी जिला कलेक्टरों को निर्देशित किया है कि केरोसिन का उठाव और वितरण समय-सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि अप्रैल माह के लिए आवंटित कोटे का उठाव 30 अप्रैल 2026 तक अनिवार्य रूप से करना होगा। साथ ही, कलेक्टरों को यह भी अधिकार दिए गए हैं कि जिन दुकानों में मांग कम है, वहां के शेष स्टॉक को आवश्यकता वाले क्षेत्रों में पुनः आबंटित करें ताकि किसी भी स्तर पर केरोसिन की कमी न हो। ऑयल कंपनियों के अधिकारियों को भी निर्देशित किया गया है कि वे लैप्स कोटे की जानकारी समय पर उपलब्ध कराएं।

जिलों को आवंटित मात्रा के अनुसार, बिलासपुर जिले को सर्वाधिक 36 किलोलीटर केरोसिन दिया गया है। इसके अलावा बस्तर, कांकेर, जांजगीर-चांपा, कोरबा, दुर्ग, बलौदाबाजार-भाटापारा, महासमुंद, रायपुर और जशपुर जिले को 24-24 किलोलीटर आवंटित किया गया है। प्रदेश के अन्य शेष जिलों को 12-12 किलोलीटर केरोसिन का कोटा प्रदान किया गया है। स्थानीय स्तर पर मुनादी और प्रचार-प्रसार के जरिए हितग्राहियों को उनकी पात्रता की जानकारी देने के निर्देश भी दिए गए हैं।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *