जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के शिवरीनारायण थाना अंतर्गत धरदेई गांव में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। इकलौते बेटे की मौत के सदमे में माता-पिता ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। सोमवार सुबह घर के पास ही पेड़ पर दोनों का शव फंदे से लटका मिला। मृतकों की पहचान 48 वर्षीय कृष्णा पटेल और 47 वर्षीय रमाबाई पटेल के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले ही दंपति के इकलौते बेटे की सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। बेटे के असमय निधन से पूरा परिवार गहरे शोक में था और माता-पिता मानसिक रूप से टूट चुके थे। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आ रही है कि बेटे के वियोग के कारण दंपति ने यह आत्मघाती कदम उठाया है।
सोमवार सुबह जब ग्रामीणों ने दोनों के शवों को फंदे पर लटका देखा, तो तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची शिवरीनारायण पुलिस ने शवों को नीचे उतारकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामला दर्ज कर स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि घटना के अन्य पहलुओं की जांच की जा सके। इस घटना के बाद से पूरे गांव में शोक की लहर व्याप्त है।